राजनांदगांव

12 से जपं के सामने आमरण-अनशन की चेतावनी
08-Apr-2026 6:31 PM
12 से जपं के सामने आमरण-अनशन की चेतावनी

 एक साल से नहीं किया वाहन किराया भुगतान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 अप्रैल।
शासकीय कार्य के लिए वाहन किराया लेकर गांवों में भ्रमण एवं दौरा करने वाले अफसर वाहनों में सैर-सपाटा करने के बाद वाहन का किराया भुगतान करना भूल गए हैं।
 अब ट्रेवहल्स कपंनी के संचालक किराया भुगतान के लिए महीनों से अधिकारियों व कार्यालयों का चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें शासन से किराया भुगतान तो दूर अधिकारियों से ठोस आश्वासन भी नहीं मिल पा रहा है। ऐसा ही एक प्रकरण में नगर के एक ट्रैवल कंपनी का संचालक अपने वाहन का किराया लेने 12 अप्रैल से जनपद पंचायत के सामने अपने परिवार सहित आमरण-अनशन करने पर आमादा है।

नगर में चितांमणी ट्रैवल्स कंपनी के संचालक वार्ड 9 निवासी मुकेश सिन्हा ने बताया कि वह निजी फाईनेंस कंपनी से लोन लेकर स्कार्पियो, बोलरो सहित विभिन्न कंपनी की हल्के वाहन रखकर ट्रैवल्स एजेंसी का संचालन करता है। इस एजेंसी के संचालक ने बताया कि वर्ष 2024 एवं 2025 में जनपद पंचायत अंबागढ़ चौकी ने उससे किराये पर स्कार्पियो गाड़ी ली थी। संचालक की माने तो जुलाई 2024 से फरवरी 2025 तक जनपद पंचायत में शासकीय दौरे एवं गांवों में भ्रमण के लिए नियमित तौर पर अधिकारियों ने उसकी वाहन को किराये पर चलाया है। जिसका भुगतान एक लाख 89 हजार 848 रुपए का भुगतान पिछले एक वर्ष से नहीं किया गया है। वह वाहन के किराये के लिए नियमित तौर पर जिला पंचायत , जनपद पंचायत का चक्कर काट रहा है, लेकिन उसके वाहन का किराया भुगतान नहीं किया जा रहा है।

संचालक का आरोप है कि विभाग के पास पर्याप्त फंड होने के बावजूद भुगतान नहीं किया जा रहा है  और न ही किसी तरह का कोई ठोस आश्वासन दिया जा रहा है। आरोप तो यहां तक है कि किराये के भुगतान के लिए सेवा सत्कार करने की बात कही जा रही है। अधिकारियों की कार्यप्रणाली से नाराज ट्रैवल्स कंपनी के संचालक ने चेतावनी दी है कि यदि उसके वाहन के किराये का भुगतान नहीं मिला तो वे 12 अप्रैल से जनपद पंचायत परिसर के सामने अपने परिवार सहित आमरण-अनशन करेगा। जिसकी संपूर्ण जवाबदेही शासन-प्रशासन की होगी।
 


अन्य पोस्ट