राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 अप्रैल। उत्तरप्रदेश के बरेली में आयोजित 54वीं सीनियर महिला राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में राजनांदगांव की प्रतिभाशाली खिलाड़ी कनक जोगी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते कांस्य पदक अर्जित कर जिले एवं प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
प्रतियोगिता में देशभर की विभिन्न टीमों ने भाग लिया। जिसमें कनक जोगी ने अपने शानदार खेल कौशल, अनुशासन एवं टीम भावना का परिचय देते अपनी टीम को पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके इस उपलब्धि से खेल जगत में हर्ष का माहौल है। कनक जोगी की इस सफलता पर सूरज बुद्धदेव, जिला हैंडबाल संघ के अध्यक्ष सूर्यकांत जैन, सचिव प्रिंस भाटिया, कोच शबनम अंसारी, फिरोज खान एवं राजा कुरैशी, विष्णु सिन्हा सहित अन्य खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते उन्हें बधाई दी। सूरज बुद्धदेव एवं सूर्यकांत जैन ने कहा कि यह उपलब्धि जिले के अन्य खिलाडिय़ों के लिए भी प्रेरणास्रोत साबित होगी।


