राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 अप्रैल। शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लखोली में जीवनदीप समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पार्षद गिरिजा संतोष निर्मलकर ने की। बैठक में शिशुओं, वृद्धजनों और गर्भवती महिलाओं को नि:शुल्क उपचार जांच कराने एवं आवश्यक दवाईयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने चर्चा की गई। स्वास्थ्य केंद्र के बीएमओ डॉ. सतीश मेश्राम ने मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं से अवगत कराते बताया कि केंद्र में लखोली के पांच वार्ड सहित आसपास के रहवासियों को यहां समुचित इलाज की व्यवस्था की जाती है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ ने पार्षद निर्मलकर को परिसर में वृक्षारोपण पेयजल एवं अन्य समस्याओं से अवगत कराया। पिछले साल हुए बैठक में स्टाफ के मांग अनुसार नल कनेक्शन प्रदान किया गया। इस मौके पर मरीजों को शीतल पेयजल उपलब्ध कराने हेतु लगे वाटर कूलर का लोकार्पण किया गया। बैठक में बीएमओ डॉ. सतीश मेश्राम, डॉ. ईशा, फार्मेसिस्ट संगीता, कल्पना एवं स्वास्थ्य केंद्र के समस्त स्टाफ मौजूद रहे।


