राजनांदगांव

दंत रोगियों को बाहर कराना पड़ रहा एक्स-रे
08-Apr-2026 5:03 PM
दंत रोगियों को बाहर कराना पड़ रहा एक्स-रे

दो नियमित चिकित्सक के बावजूद रोगी बाहर एक्स-रे कराने मजबूर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 8 अप्रैल। राजनांदगांव जिला चिकित्सालय में दंत रोगियों को तकनीकी जांचों के लिए बाहरी जांच केंद्रों का रूख करना पड़ रहा है। जबकि जिला चिकित्सालय में दंत चिकित्सक के रूप में दो नियमित चिकित्सक पदस्थ हैं।

दोनों चिकित्सक सिर्फ सिंगल (एकमात्र) दांत का पोर्टेबल रूप में लैपटॉप से ट्रीटमेंट करने के लिए विवश है। वजह यह है कि जिला चिकित्सालय में फंड की कमी के चलते  दंत रोगियों का पूरे जबड़े का एक्स-रे मशीन खराब है। ऐसे में बाहरी एक्स-रे केंद्रों में लूट की स्थिति बन गई है। गरीब मरीजों को मनमाफिक शुल्क देकर एक्स-रे कराने के लिए विवश होना पड़ रहा है। इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ. महेन्द्र प्रसाद ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि चिकित्सक तकनीकी कारणों से पूरे जबड़े का एक्स-रे नहीं कर पा रहे हैं, लेकिन सिंगल दांत का पोर्टेबल एक्स-रे आसानी से हो रहा है। नए वित्तीय वर्ष में खरीदी पर रोक लगी थी। जल्द ही नई मशीन खरीदी जाएगी। 

मिली जानकारी के मुताबिक जिला चिकित्सालय में डॉ. राकेश धुर्वे व डॉ. देवकांता भुआर्य बतौर दंत चिकित्सक नियमित रूप से पदस्थ हैं। दोनों मरीजों का बेहतर भी इलाज कर रहे हैं। दंत रोग से ग्रस्त मरीजों की स्थिति जानने के लिए एक्स-रे एक आवश्यक प्रक्रिया है। एक्स-रे में मिली रिपोर्ट के आधार पर चिकित्सक इलाज और दवाई खाने की सलाह देते हैं।  जिला चिकित्सालय में दंत रोगियों को एक्स-रे के लिए बाहर जाना पड़ रहा है। निजी एक्स-रे संचालकों को एक तरह से मरीजों से मनमाफिक फीस वसूलने का मौका मिल गया है। बताया जा रहा है कि एक्स-रे काफी महंगा हो गया है। गरीब तबका इलाज के लिए सरकारी अस्पतालों में निर्भर है। इस बीच एक्स-रे की व्यवस्था नहीं होने का खामियाजा मरीजों के जेब में पड़ रहा है। दंत रोगी बाहर एक्स-रे कराने के लिए विवश है। 

बताया जा रहा है कि दंत चिकित्सक ओपीजी (आर्थो पैंड्रोमैल ग्राम) पद्धति से इलाज करते हैं। इसके लिए एक्स-रे मशीन की अहम भूमिका होती है। ओपीजी के जरिये इलाज होने से ही मरीजों को लाभ मिलता है। एक्स-रे  मशीन के अभाव में दंत मरीजों को समुचित उपचार के साथ राहत नहीं मिल रही है।  बताया जा रहा है कि फरवरी-मार्च से ही वित्त विभाग ने नई खरीदी पर रोक लगा रखी थी। इसके चलते कई महत्वपूर्ण खरीदी नहीं हो सकी। इसका खामियाजा सीधे मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। सिविल सर्जन ने जल्द ही बेहतर व्यवस्था करने का दावा किया है।


अन्य पोस्ट