राजनांदगांव
हर गेंद व ओवर पर लग रहा था लाखों का दांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 अप्रैल। मोहारा नाला के पास संचालित हाईटेक ऑनलाइन सट्टा रैकेट का बसंतपुर थाना पुलिस और साइबर सेल राजनांदगांव ने संयुक्त रूप से भंडाफोड़ करते 7 आरोपियों को चिन्हांकित किया। जिसमें 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं 2 आरोपी फरार हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 2 लैपटॉप, एक टैब, 7 मोबाइल, मोटर साइकिल सहित लगभग 5 लाख 50 हजार रुपए की जब्त की। बताया गया कि हर गेंद और ओवर पर लाखों रुपए का दांव लगाया जा रहा था। आरोपियों के विरूद्ध संगठित अपराध की धारा 112 बीएनएस जोड़ी गई।
मिली जानकारी के अनुसार एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा एएसपी कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन एवं नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो की निगरानी में साइबर सेल एवं थाना बसंतपुर की संयुक्त टीम द्वारा आईपीएल क्रिकेट सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस टीम द्वारा विभिन्न टीमों का गठन कर चिन्हांकित सटोरियों के ठिकानों पर एक साथ दबिश दी गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि मोहारा (बजरंग नगर) नाला किनारे स्थित फार्म हाउस में हाईटेक व्यवस्था के साथ ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा दबिश देकर आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा गया। जांच में पाया गया कि आरोपी मोबाइल, लैपटॉप एवं सॉफ्टवेयर के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे। ‘सांई ऐप’ के जरिये हर बाल और ओवर पर दांव लगाया जा रहा था। कोड भाषा में सट्टा लेखन कर हिसाब-किताब रखा जा रहा था।
पुलिस ने जब्त किया सामान
पुलिस ने 2 नग लैपटॉप, एक नग टैब, 7 नग मोबाइल, 01 नग मोटर साइकिल, 3 नग चार्जर, नगदी रकम एक हजार रुपए, सट्टा-पट्टी में दर्ज राशि लगभग 9 लाख 20 हजार रुपए कुल जब्ती की अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख 50 हजार रुपए है। पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6, 7, 8 व भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) एवं धारा 112 (संगठित अपराध) एवं आईटी एक्ट की धारा 66(डी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
आरोपियों में 5 गिरफ्तार व 2 फरार
पुलिस ने वीरू प्रजापति 24 वर्ष निवासी मोहारा, रूपेश पांडे 43 वर्ष निवासी प्रभात नगर, आयुष मेश्राम 24 वर्ष निवासी बंगाली चाल, मोहित देवांगन 23 वर्ष निवासी मोहारा व लक्की देवांगन उर्फ नरेन्द्र देवांगन 32 वर्ष निवासी मोहारा को गिरफ्तार किया। वहीं फरार आरोपी मूलचंद देवांगन निवासी मोहारा एवं सादिक खान निवासी नागपुर महाराष्ट्र की तलाश में जुटी हुई है।