राजनांदगांव
हैदराबाद के शेट्टी गैंग ने एसपी बंगले के पीछे जीवन कॉलोनी में की थी लूटपाट
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 अप्रैल। शहर के रिहायशी जीवन कॉलोनी में एक शिक्षिका की बेटी के गर्दन पर चाकू टिकाकर बेखौफ अंदाज में चोरी करने वाले गिरोह को पुलिस ने वारदात के 25 दिन बाद पकड़ लिया। चोरों ने लक्ष्मी नगर में भी मोटर साइकिल पार किया था। राजनांदगांव एसपी के बंगले के ठीक पीछे स्थित दो कॉलोनी में एक ही रात में सेंधमारी की घटना से खलबली मच गई थी। इसके बाद पुलिस ने चोरों की पतासाजी के लिए कई जगह से सीसीटीवी फुटेज लिया। आखिरकार पुलिस ने घटना में शेट्टी गैंग का हाथ होने की पुख्ता जानकारी मिलने के बाद हैदराबाद से आरोपियों को गिरफ्तार किया।
मिली जानकारी के अनुसार बीते 14 मार्च को जीवन कॉलोनी में निवासरत एक शिक्षिका के घर घुसकर चोरों ने उसकी बेटी के गर्दन पर चाकू टिकाकर लूटपाट कर सोने-चांदी के जेवरात की चोरी की। इससे पहले लक्ष्मीनगर और तीन अन्य मकानों में भी चोर गिरोह ने चोरी की। इस घटना की खबर मिलने पर पुलिस ने चोरों की तलाश में दुर्ग, भिलाई और बिलासपुर में कई जगह छापेमारी की।
बताया जाता है कि पुलिस को शुरूआती जांच में पता चल गया कि बाहर के गिरोह ने घटना को अंजाम दिया है। इसके बाद गिरोह द्वारा बिलासपुर में भी चोरी करने की जानकारी मिली। इस तरह पुलिस ने एक स्पेशल टीम बनाकर आरोपियों की तलाश में हैदराबाद के कई जगहों पर जवानों को निगरानी के लिए तैनात किया। बताया जाता है कि शेट्टी गैंग हाईवे से लगे हिस्सों में ही वारदात करता है। ट्रेन से उतरकर पहले गिरोह मोटर साइकिल चोरी कर घरों में धावा बोलता है, फिर मोटर साइकिल से नजदीकी रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार होकर इलाके से फरार हो जाता है। गिरोह का यह चोरी का पैट्रर्न पुलिस को गुमराह करने के लिए होता है। इस बीच पुलिस ने शेट्टी गैंग से 5 लाख सोने-चांदी के जेवरात भी बरामद किया है। चोरों को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया है।
शेट्टी गैंग के तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने शेट्टी गैंग के तीन आरोपियों को हैदराबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की खेाजबीन के लिए पुलिस को कई दिनों तक निगाह रखनी पड़ी। अलग-अलग आधा दर्जन टीम के जवान हैदराबाद के विभिन्न क्षेत्रों में तैनात थे। इस बीच पुलिस ने घेराबंदी कर शशि कुमार, शेट्टी कुमार और शेट्टी सूर्य कुमार को गिरफ्तार किया है। राजनांदगांव में चोरी की घटना में शामिल आरोपियों से सोने-चांदी के जेवरात व मोबाइल जब्त किए हैं। आरोपियों से कुछ और चोरी के मामलों पर पुलिस ने पूछताछ की। चोरों का पेशेवर रवैया चोरी के मामले में रहा है। फिलहाल आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।


