राजनांदगांव

कवर्धा के केएल कंपनी को मिला 300 करोड़ का सडक़ चौड़ीकरण का काम
04-Apr-2026 3:52 PM
कवर्धा के केएल कंपनी को मिला 300 करोड़ का सडक़ चौड़ीकरण का काम

विवाद के बीच नांदगांव से मानपुर तक 96 किमी सडक़ का काम जल्द होगा शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 4 अप्रैल। राजनांदगांव से मानपुर तक 96 किमी तक की दूरी वाली अंतर्राज्यीय मार्ग के चौड़ीकरण के लिए कवर्धा के केएल कंपनी (कांग्रेस नेता कन्हैयालाल अग्रवाल) को अधिकृत किया गया है। 300 करोड़ की लागत से केंद्रीय मद से उक्त सडक़ का चौड़ीकरण होना है।

इस सडक़ के ठेके को लेकर पिछले दिनों काफी बवाल मचा था। ठेका हासिल करने के लिए अमर बिल्डर्स द्वारा फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत किए गए थे। राजनंादगांव सांसद संतोष पांडे ने इस मामले को लेकर राज्य लोक निर्माण विभाग के सचिव को पत्र लिखकर पारदर्शिता के साथ नए सिरे से निविदा आमंत्रित करने को कहा था। इसके बाद मामला कुछ दिनों के लिए शांत हो गया था। अब कवर्धा के कांग्रेस नेता कन्हैयालाल अग्रवाल की कंपनी को उक्त रोड के चौड़ीकरण का काम मिल गया है।

बताया जा रहा है कि सडक़ चौड़ीकरण के साथ-साथ डामरीकरण और  मुख्य गांवों में नाली निर्माण का भी काम किया जाएगा।  राजनांदगांव से मानपुर तक सडक़ की हालत खस्ता हो चुकी है। महाराष्ट्र को जोडऩे वाली यह सडक़ हाल ही के वर्षों में व्यस्तम मार्गों में से एक है। भारी वाहनों के साथ-साथ रोजाना सैकड़ों बसें, कार और दो पहिया वाहन सडक़ में दौड़ती है। सडक़ चौड़ीकरण नहीं होने से हादसों में काफी इजाफा हुआ है। डोंगरगांव से लेकर राजनांदगांव के बीच सिलसिलेवार हादसे होने से लोगों के लिए आवाजाही आफत साबित हो रही है।

सांसद पांडे ने दावा किया है कि उनकी कोशिशों से ही केंद्र ने सडक़ चौड़ीकरण के लिए 300 करोड़ रुपए मंजूर किया। इस मार्ग के चौड़ीकरण होने के बाद यातायात का बढ़ता दबाव कम होगा। पिछले 5 सालों में डोंगरगांव से राजनांदगांव के बीच आवाजाही काफी खतरनाक स्तर पर पहुंच गई है। इस रास्ते में पेंचवर्क कर काम चलाया जा रहा है। सडक़ चौड़ीकरण की मांग सालों से क्षेत्रीय लोगों द्वारा की जा रही थी। चौड़ीकरण के बाद महाराष्ट्र तक सफर काफी आसान हो जाएगा। वहीं 95 किमी की लंबी दूरी वाली यात्रा भी कम थकान तक सीमित रहेगी।

इस बीच जल्द ही कवर्धा के केएल कंपनी द्वारा काम शुरू किया जाएगा। केएल कंपनी के संचालक कन्हैयालाल अग्रवाल ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो गई है। उक्त कार्य के लिए हमारी कंपनी को अधिकृत किया गया है। उधर सडक़ चौड़ीकरण के दौरान लोगों को आवाजाही में दिक्कतें होगी। इसके लिए वैकल्पिक मार्ग भी तैयार किया जाएगा। बहरहाल अगले 2-3 वर्षों में सडक़ चौड़ीकरण के बाद उक्त मार्ग से महाराष्ट्र से गढ़चिरौली और हैदराबाद की ओर आवाजाही सुगम होगी। 


अन्य पोस्ट