राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 अप्रैल। शहर के पूर्व पार्षद हेमंत ओस्तवाल का प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने निलंबन खत्म कर दिया है। इसी के साथ उसकी कांग्रेस में वापसी हो गई। पिछले 3 वर्ष से ओस्तवाल निलंबित थे।
पार्टी ने उन्हें अलग-अलग आरोपों के तहत निलंबित कर दिया था। वह काफी मुखर और तेज तर्रार माने जाते हैं। उनके जनहित के मुद्दों से कई बार पार्टी के आला नेताओं को असहज होना पड़ता था। राजनांदगांव शहर में अमृत योजना से लेकर अन्य मुद्दों पर वह आवाज उठाते रहे हैं। इसी के चलते उन्हें एक गुट विशेष के दबाव में आकर निलंबित किया गया था।
इस बीच पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज, संगठन महामंत्री मलकीत सिंह गैंदू एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार की अनुशंसा पर उनका निलंबन समाप्त कर दिया गया। श्री ओस्तवाल ने निलंबन समाप्त होने पर सभी कांग्रेसी नेताओं और पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया है।
श्री ओस्तवाल ने बताया कि पिछले लगभग 03 वर्षों से निष्कासित थे। 2 अप्रैल को दोपहर बाद निष्कासन समाप्ति के आशय का आदेश प्राप्त हुआ है। उन्होंने पार्टी हित में निष्ठा के साथ काम करने का आला नेताओं को भरोसा दिया है।


