राजनांदगांव
राजनांदगांव, 3 अप्रैल। शहर में समय-समय पर होने वाले विभिन्न धार्मिक, वैवाहिक आयोजन एवं भंडारा के पश्चात बचे हुए भोजन को अन्यत्र फेंकने से गाय, बैल एवं अन्य जानवरों द्वारा खा लेने से उनके स्वास्थ्य में प्रतिकूल प्रभाव को ध्यान में रखते नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने बचे खाद्य पदार्थ या भोजन खुले स्थानों पर नहीं फेंकने पत्र के माध्यम से नागरिकों से अपील की है।
आयुक्त ने नागरिकों से पत्र के माध्यम से अपील करते कहा है कि शहर के विभिन्न स्थानों में आए दिन विभिन्न धार्मिक, वैवाहिक आयोजन किया जाता है एवं भंडारा के रूप में प्रसाद वितरण कार्यक्रम समय-समय पर कराया जाता है।
प्राय: भोजन/प्रसाद वितरण के पश्चात शेष बचे हुए भोजन को अन्य खुले स्थान पर जानवरों को खिलाए जाने के उद्देश्य से डाल दिया जाता है। उक्त बासी भोजन रोटी, पुड़ी, चावल, सब्जी को गाय, बैल एवं अन्य जानवरो द्वारा खा लिया जाता है, खाने के उपरांत उक्त बासी भोजन उनके शरीर में जहर की तरह असर करता है, जो इनके स्वास्थ्य पर प्रतिकुल प्रभाव डालता है तथा कभी-कभी जानवरों की अकाल मृत्यु होने की भी संभावना बनी रहती है तथा अन्यत्र खाद्य पदार्थ फेंकने से गंदगी भी फैलती है।
उन्होंने ने पत्र के माध्यम से अपील की है कि ऐसे आयोजनो/ कार्यक्रमों/भंडारा के पश्चात शेष बचा हुआ भोजन अन्यत्र खुले स्थानों में न फेंकते हुए नगर निगम के टांकाघर में समयपाल चिराग मेश्राम तथा मोटर विभाग के चंदन सिंह ठाकुर से सम्पर्क कर निगम की गाड़ी में डलवाना सुनिश्चित करें।
जिससे बचे हुए भोजन का उचित निष्पादन किया जा सके एवं किसी भी प्रकार की पशुधन हानि तथा गंदगी फैलने से बचा जा सके।


