राजनांदगांव
हनुमान जयंती पर दिनभर भंडारा और मंदिरों में पूजा-अर्चना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 अप्रैल। संस्कारधानी राजनांदगांव में हनुमान जयंती के अवसर पर गुरुवार को मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा। जय हनुमान ज्ञान गुण सागर की गूंज शहरभर में सुनाई दी। वीर हनुमान की गाथा से जुड़ी भक्ति गीतों से माहौल हनुमानमय हो गया।
शहर के मानव मंदिर स्थित मंदिर में विशेष पूजा और आरती में शामिल होने के लिए भक्तों की कतार रही। स्थानीय गंज चौक स्थित बालाजी हनुमान मंदिर में भी महिला और पुरूषों की तादाद से रामभक्त हनुमान का जयकारा सुनाई दिया। गली-मोहल्लों में भी जयंती के अवसर पर भोग के साथ प्रसादी वितरित किया गया। शहर के मंदिरों में हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। हनुमान भक्तों की ओर से शहर के अलग-अलग हिस्सों में भंडारा का आयोजन किया गया। इससे पहले आज सुबह से ही मंदिरों में वीर हनुमान के दर्शन के लिए सभी वर्ग के लोग पहुंचे। मंदिरों के पुजारियों के द्वारा विशेष पूजा-अर्चना के साथ अलग-अलग मेवा मिष्ठान भोग के रूप में अर्पित किया गया। शहरभर में आज सुबह से ही हनुमान से जुड़ी भक्तिमय गीत सुनकर लोग खुद को धन्य मानने लगे। इस बीच बड़े मंदिरों में प्रसादी के रूप में खीर-पुड़ी, हलुवा, मिष्ठान व अन्य खाद्य सामग्री भक्तों को दिया गया।
भव्य शोभायात्रा में झूमे भक्त
हनुमान जयंती के एक दिन पूर्व शहर में भव्य शोभायात्रा में श्रद्धालु झूम उठे। भक्तिमय गीतों के साथ श्रद्धालु नाचते-गाते शोभायात्रा में शामिल हुए। शोभायात्रा आयोजन समिति द्वारा स्थानीय म्युनिसिपल स्कूल के गांधी सभागृह में प्रसादी के तौर पर प्रसादी का वितरण किया गया। शोभायात्रा अपरान्ह 4 से शाम 7 बजे तक शहर के अलग-अलग मार्गों से होकर म्युनिसिपल स्कूल में समाप्त हुई। हर साल हनुमान जन्मोत्सव का आयोजन समिति द्वारा किया जा रहा है। 10 वर्षों से समिति की ओर से भव्य शोभायात्रा के अलावा जयंती के अवसर पर विविध आयोजन भी कराए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि श्रद्धालुओं में काफी उत्साह रहा। शोभायात्रा में हनुमान के अलावा राम-सीता की वेशभूषा में कलाकार नजर आए। युवाओं में हनुमान के साथ सेल्फी लेने के लिए होड़ मची रही। शोभायात्रा का हर तबके ने स्वागत किया। शहर के मुख्य चौक-चौराहों में स्टॉल लगाकर भक्तों के लिए जलपान और ठंडे पेय पदार्थ की व्यवस्था की गई। अलग-अलग समितियों की ओर से सामाजिक सदभाव का परिचय देते श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया।
इधर शहर के अन्य इलाकों में भी दिनभर हनुमान जयंती को लेकर आयोजन किए गए। भंडारा का आयोजन कर समितियों की ओर से भक्तों को प्रसाद के रूप में भोज कराया गया। शहर के चिखली, प्रभातनगर, बसंतपुर, गौरवपथ, नंदई, लखोली, गौरीनगर, रेवाडीह, बजरंगपुर नवागांव, प्यारेलाल चौक, ईमाम चौक, मानव मंदिर चौक में स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की गई। दिनभर रामभक्त हनुमान के दर्शन के लिए मंदिरों में तांता लगा रहा। शोभायात्रा को सफल बनाने में झम्मन देवांगन, राजेन्द्र यादव, सतीश वैष्णव (राजू) समेत समिति के अन्य पदाधिकारी शामिल थे।


