राजनांदगांव

नांदगांव को मिली 13 नई संजीवनी एक्सप्रेस एम्बुलेंस
02-Apr-2026 3:03 PM
नांदगांव को मिली 13 नई संजीवनी एक्सप्रेस एम्बुलेंस

विस अध्यक्ष ने कहा स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 2 अप्रैल। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बुधवार को भारतरत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव परिसर में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 10 नई 108 संजीवनी एक्सप्रेस एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इसके साथ ही जिले को 3 और नई एम्बुलेंस की स्वीकृति प्राप्त हुई है।

इस प्रकार कुल 13 अत्याधुनिक एम्बुलेंस जिले में सेवाएं देने के लिए उपलब्ध हो गई हैं, जिन्हें जीवीके ईएमआरआई संस्थान द्वारा संचालित किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने कहा कि जिले को नई संजीवनी एक्सप्रेस मिलने से स्वास्थ्य सुविधाओं को नई गति और ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव जिले सहित पूरे प्रदेश में स्वास्थ्य सेवा को सुदृढ़ और आगे बढ़ाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ आज नक्सल समस्या से बाहर निकलकर स्थायी शांति और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि नक्सल समस्या से मुक्त करने में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा का योगदान ऐतिहासिक है। उन्होंने बताया कि राजनांदगांव जिले को मिली 10 नई 108 संजीवनी एक्सप्रेस एम्बुलेंस में 8 बेसिक लाइफ सपोर्ट और 2 एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस शामिल हैं, साथ ही 3 नई एम्बुलेंस की स्वीकृति प्राप्त हुई हैं। जिला अस्पताल के लिए 4, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के लिए 5 तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए 1 एम्बुलेंस उपलब्ध कराई गई है।

सांसद संतोष पांडे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में जुड़े रहे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का नक्सल मुक्त होना पूरे देश के लिए गर्व की बात है और यह मजबूत नेतृत्व की देन है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जिले को 13 नई 108 संजीवनी एक्सप्रेस एम्बुलेंस की बड़ी सौगात दी है। सांसद  ने कहा कि 108 संजीवनी एक्सप्रेस सेवा विशेष रूप से दूरस्थ, पहाड़ी और ग्रामीण क्षेत्रों में जीवन रक्षक भूमिका निभाती रही है और नई एम्बुलेंस स्वास्थ्य सुरक्षा को और भी मजबूत बनाएंगी।

महापौर मधुसूदन यादव ने जिले में 13 नई एम्बुलेंस की शुरूआत पर मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष और सभी जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संजीवनी एक्सप्रेस ने अब तक लाखों लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। नई एम्बुलेंस उन्नत उपकरणों और जीपीएस तकनीक से लैस हैं, जिनसे शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में त्वरित आपातकालीन सेवा की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि यह सुविधा जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाएगी।

कार्यक्रम को समाजसेवी कोमल सिंह राजपूत ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, योगेश दत्त मिश्रा, खूबचंद पारख, संतोष अग्रवाल, रमेश पटेल, अतुल विश्वकर्मा, शीतल बंसल, डॉ. एनआर नवरतन, डॉ. अतुल देशकर, डॉ. महेन्द्र प्रसाद सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधिगण, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, डॉक्टर एव गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट