राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 1 अप्रैल। जिला कांग्रेस की नई कार्यकारिणी विवादों में घिर गई है। संगठन में नेता पुत्रों, रिश्तेदारों और विवादित चेहरों को राजनीतिक तौर पर उपकृत किया गया है। संगठन के भीतर नई टीम के स्वरूप को लेकर असंतोष उभर रहा है। जिलाध्यक्ष विपिन यादव पर खास लोगों को राजनीति में किस्मत आजमाने के लिए संगठन में जगह देने के आरोप लग रहे हैं। जिलाध्यक्ष नियुक्ति के पश्चात से ही यादव एक तरह से संगठन पर एकाधिकार करने के इरादे से सियासी दांव-पेंच कर रहे हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक जिला कांग्रेस ग्रामीण की नई टीम में रिश्तेदारों, नेता पुत्रों और सामाजिक संबंधों को निभाने के उद्देश्य से संगठन में जगह दी गई है। खुज्जी विधायक भोलाराम साहू के पुत्र रवि साहू को महामंत्री बनाया गया है। जबकि वह पहली बार सार्वजनिक रूप से कांग्रेस के बैनर तले जनपद सदस्य निर्वाचित हुए हैं। उनकी नियुक्ति को लेकर खुज्जी विधानसभा में कार्यकर्ताओं में काफी नाराजगी है। इसी तरह घुमका क्षेत्र के चंद्रेश वर्मा को महामंत्री बनाया गया है। उन पर एक मामले में दुर्ग जिले में अपराध दर्ज है।
इसी तरह यादव समाज के 8 लोगों को उपाध्यक्ष, महामंत्री, सचिव और कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया है। इस तरह पूरी सूची में व्यक्तिगत संबंधों को खास महत्व दिया गया है। खुज्जी विधायक भोलाराम साहू के बेटे को आश्चर्यजनक रूप से सीधे महामंत्री के पद से नवाजा गया। उसकी राजनीतिक सक्रियता हाल ही के वर्षों में प्रारंभ हुई है। वह अपने पिता के चुनावी मैनेजमेंट का काम सम्हालते थे। इस बीच पार्टी के खिलाफ बगावत कर चुनाव लडऩे वाली रमादेवी वर्मा को भी उपाध्यक्ष बनाया गया है। बताया जा रहा है कि संगठन में जगह पाने वाले ज्यादातर लोग राजनीतिक तौर पर सक्रिय नहीं रहे। जिलाध्यक्ष ने पार्टी में अपने करीबियों को मौका देने के साथ एक तरह से कांग्रेस में गुटबाजी को बढ़ावा दिया है।
बताया जा रहा है कि यादव संगठन पर एकाधिकार चाहते हैं। वह संतुलित टीम तैयार करने के बजाय उनसे जुड़े लोगों को आगे बढ़ाने के लिए तत्पर नजर आ रहे हैं। बहरहाल कांग्रेस की नई कार्यकारिणी में रोजाना नई खामियां सामने आ रही है। संगठन के भीतर पूरी कार्यकारिणी को नाराजगी भरे नजरों से कार्यकर्ता देख रहे हैं।
विवाद की बात नहीं, सक्रियता के चलते नए पदाधिकारियों को मिला मौका - संगठन महामंत्री
कांग्रेस के जिला संगठन महामंत्री राहुल तिवारी ने ‘छत्तीसगढ़’ से कहा कि विवाद की कहीं कोई बात नहीं है। जिलाध्यक्ष ने सभी को उनकी राजनीतिक सक्रियता के चलते नियुक्त किया है। उन्होंने कहा कि नेता पुत्रों, रिश्तेदारों और सामाजिक बंधुओं को आगे करने के आरोप गलत हैं। सभी अपने-अपने क्षेत्र में कांग्रेस की सक्रिय राजनीति में है।