राजनांदगांव

डाकलिया व रितेश समेत महेन्द्र, हेमंत और रवि बने उपाध्यक्ष
30-Mar-2026 5:03 PM
डाकलिया व रितेश समेत महेन्द्र,  हेमंत और रवि बने उपाध्यक्ष

जिला कांग्रेस कमेटी की नई टीम में मिली अहम जिम्मेदारी

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

राजनांदगांव, 30 मार्च। जिला कांग्रेस (ग्रामीण)  की नई कार्यकारिणी में वरिष्ठ कांग्रेसी रमेश डाकलिया के अलावा छुरिया ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष रितेश जैन, जिला पंचायत सदस्य महेन्द्र यादव, हेमंत वैष्णव व रवि साहू को उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। जिला कार्यकारिणी में सभी को अहम जिम्मेदारी दी गई है।

बताया जा रहा है कि सभी कांग्रेस के सांगठनिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने में सक्रिय रहे हैं। इसी के चलते संगठन ने सभी को उपाध्यक्ष पद से नवाजा है। डाकलिया नगर निगम के पूर्व सभापति रह चुके हैं। उनकी कांग्रेस की राजनीति में गहरी समझ है। इसी तरह छुरिया ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष रितेश जैन को भी जिले की सियासत में एक तरह से एंट्री मिली है। ब्लॉक अध्यक्ष के तौर पर रितेश अपनी  सांगठनिक क्षमता का परिचय दे चुके हैं। उनके क्षेत्र में संगठन की अच्छी पैठ के चलते कांग्रेस लगातार विधानसभा चुनाव जीतने में कामयाब हो रही है।

इधर  जिला पंचायत सदस्य महेन्द्र यादव को भी उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। महेन्द्र लगातार दो बार से जिला पंचायत के सदस्य निर्वाचित हो रहे हैं। इस बीच हेमंत वैष्णव को भी उपाध्यक्ष बनाया गया है। हेमंत लगातार कांग्रेस में सक्रिय है। इसी तरह टेडेसरा के रवि साहू भी उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। रवि सोशल मीडिया और अन्य संसाधन के जरिये कांग्रेस का प्रचार-प्रसार करने में आगे रहे हैं। बहरहाल उपाध्यक्ष बनाए गए सभी को बधाई देने का सिलसिला चल रहा है।


अन्य पोस्ट