राजनांदगांव
सकल जैन समाज मना रहा 5 दिवसीय कल्याणक महोत्सव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 30 मार्च। अहिंसा परमोधर्म के सच्चे पैरोकार और शांतिदूतक भगवान महावीर की जयंती को लेकर शहर में सकल जैन श्री संघ की ओर से 5 दिवसीय महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव मनाया जा रहा है। 27 से 31 मार्च तक प्रतिदिन अलग-अलग धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।
इसी कड़ी में सोमवार को जीव दया यात्रा स्थानीय वर्धमान स्थानक भवन से शुरू हुई। इसके बाद सुबह एक घंटे 8.45 से 9.45 बजे तक जैन भवन के नए हॉल में सामूहिक नवकार जाप में समाज के सभी लोग शामिल हुए। इसी तरह दोपहर बाद तपाचार की साधना नेम भवन जैन बगीचे में हुई।
समाज की ओर से धार्मिक अंताक्षरी का भी आयोजन किया गया। इसी तरह आज दिनभर समाज की महिलाओं ने धार्मिक आयोजनों में हिस्सा लिया।
इस बीच समाज द्वारा पूर्व में महावीर वृद्धाश्रम में फल वितरण किया गया। महावीर जयंती पर कल शहर में भव्य शोभायात्रा भी निकलेगी। जिसमें समाज के अलग-अलग वर्ग के अलावा प्रमुख लोग शामिल होंगे।