राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 29 मार्च। नगर निगम की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस पार्षद संगीता युधिष्ठिर देवांगन ने भाजपा पार्षद वर्षा शरद सिन्हा के बयान पर जोरदार पलटवार करते कहा है कि जनहित के मुद्दों पर सवाल उठाना उनका अधिकार ही नहीं, बल्कि कर्तव्य भी है। उन्होंने कहा कि चाहे मामला बिजली खंभों की सुरक्षा का हो, शहर में बढ़ते नशे का हो या फिर भ्रष्टाचार के आरोपों का, विपक्ष हर मुद्दे पर सत्ता पक्ष से जवाब मांगता रहेगा।
श्रीमती देवांगन ने भाजपा नेताओं को आड़े हाथों लेते कहा कि जनता की समस्याओं पर विपक्ष को आत्ममंथन की सलाह देना सत्ताधारी दल को शोभा नहीं देता। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिजली के खंभों का मुद्दा उठाना कोई सस्ती लोकप्रियता नहीं, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष की आवाज सत्ता पक्ष को चुभ रही है तो इसका सीधा मतलब है कि विकास केवल कागजों और भाषणों तक सीमित है, जमीन पर नहीं। श्रीमती देवांगन ने शहर के गुडाखू लाइन क्षेत्र का मुद्दा उठाते आरोप लगाया कि सार्वजनिक कुएं को पाटकर वहां अवैध दुकानें खड़ी की गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि इन दुकानों का किराया आखिर किसकी जेब में जा रहा है। उन्होंने संकेत दिए कि विपक्ष के पास भ्रष्टाचार से जुड़े 2-3 और बड़े मामलों की जानकारी है। जिनका खुलासा जल्द किया जाएगा। कांग्रेस पार्षद ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते कहा कि प्रदेश में अफीम की अवैध खेती पर लगाम लगाने में विफलता साफ नजर आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवा पीढ़ी को नशे के गर्त में धकेला जा रहा है। जबकि सत्ता पक्ष इस पर जवाब देने के बजाय विपक्ष को चुप रहने की सलाह दे रहा है।
अंत में संगीता देवांगन ने कहा कि हम जनता के पहरेदार हैं, जब तक खंभों से लेकर खेती और कुओं के घोटालों तक हर मुद्दे पर जवाबदेही तय नहीं होगी, हम सवाल पूछते रहेंगे। उन्होंने यह भी जोड़ा कि यदि उनकी सक्रियता सत्ता पक्ष को असहज कर रही है तो यह उनकी विफलता का सबसे बड़ा प्रमाण है। इस बयान के बाद नगर निगम की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। एक ओर जहां कांग्रेस आक्रामक रुख में नजर आ रही है। वहीं भाजपा की ओर से अब संभावित जवाब का इंतजार है। जनता की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि उठाए गए इन गंभीर मुद्दों पर आगे क्या कार्रवाई होती है।