राजनांदगांव

पीएमजीएसवाई सडक़ निर्माण में तेजी लाएं- कलेक्टर
28-Mar-2026 6:01 PM
पीएमजीएसवाई सडक़ निर्माण में तेजी लाएं- कलेक्टर

पटेवा से पेंड्री तक सडक़ निर्माण कार्य का किया निरीक्षण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 28 मार्च।
कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने शुक्रवार को ग्राम मासूम में प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत ग्राम पटेवा से पेंड्री तक निर्माणाधीन सडक़ का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने अलग-अलग स्थानों पर स्वयं सडक़ की मोटाई मापकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता का आंकलन किया तथा वर्तमान प्रगति की जानकारी ली।

कलेक्टर ने जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत स्वीकृत एवं निर्माणाधीन सडक़ों को बारिश के पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों को आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सडक़ निर्माण में गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन करने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति, उपयोग की जा रही सामग्री, लेयरिंग एवं डामरीकरण की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बढ़ाने की महत्वपूर्ण योजना है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्माण एजेंसी को कहा कि कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो। आवश्यकतानुसार तकनीकी परीक्षण नियमित रूप से कराए जाएं।

कलेक्टर ने सडक़ के सोल्डर को गुणवत्ता के साथ मजबूत बनाने के निर्देश दिए। जिससे सडक़ लंबे समय तक चल सके और सडक़ की टिकाऊ क्षमता बढ़ सके। साथ ही आवश्यक स्थानों पर स्पष्ट  साइनेज बोर्ड स्थापित करने के निर्देश दिए। जिससे आवागमन करने वालों को किसी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्माण क्षेत्र में उचित बैरिकेटिंग कर कार्य को पूरी तरह सुरक्षित माहौल में संचालित करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने कहा कि पूरे निर्माण कार्य में गुणवत्ता सर्वोपरि रहे और किसी भी चरण में मानकों से समझौता न किया जाए। कलेक्टर ने सभी निर्माणाधीन मार्गों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। बारिश के पूर्व गुणवत्ता के साथ निर्माणाधीन एवं लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने ग्रामीणों से भी बातचीत कर सडक़ निर्माण के संबंध में उनकी प्रतिक्रिया ली। ग्रामीणों ने बताया कि नई सडक़ बनने से स्कूल, बाजार, स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचना आसान हो जाएगा। बारिश के मौसम में पहले आवागमन में कठिनाईयों का सामना करना पड़ता था, अब नई सडक़ बनने से संपर्क सुगम हो जाएगा। कलेक्टर ने ग्रामीणों की शिकायतों और सुझावों को भी गम्भीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने किसानों को प्रधानमंत्री आशा योजना के प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योजना अंतर्गत जिले में 15 समितियों के माध्यम से दलहन एवं तिलहन फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीदी की जा रही है। जिससे किसानों को बेहतर आय प्राप्त होगी। उन्होंने किसानों को दलहन-तिलहन क्षेत्र विस्तार के लिए प्रेरित किया तथा समय पर पंजीयन कराने कहा।  निरीक्षण के दौरान पीएमजीएसवाई के कार्यपालन अभियंता पद्मसंभव मिश्रा, सहायक अभियंता सुशील सावरकर, उप अभियंता निधी दवे एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट