राजनांदगांव

सूने मकान से डेढ़ लाख नगद और जेवर पार
28-Mar-2026 4:40 PM
सूने मकान से डेढ़ लाख नगद  और जेवर पार

छुरिया के पांडेटोला में चोरों ने की सेंधमारी

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

राजनांदगांव, 28 मार्च। छुरिया क्षेत्र के पांडेटोला गांव के एक सूने मकान में अज्ञात चोरों ने लाखों रुपए नगद और जेवर को पार कर दिया। चोरों ने मकान में  सूनेपन का फायदा उठाते हुए सेंध लगाई। घटना 26 मार्च की रात की है। छुरिया पुलिस घटना की जांच कर रही है।

मिली जानकारी के मुताबिक पांडेटोला की रहने वाली दामिनी गेंड्रे ने पुलिस को बताया कि वह 26 मार्च से परिवार के साथ बाहर थी। जब वह 27 मार्च को सुबह घर पहुंची तब अज्ञात चोरों ने डेढ़ लाख नगद और सोने-चांदी के जेवरात को घर से पार कर दिया। घर का मुख्य दरवाजा और आलमारी खुली हुई मिली। महिला ने पुलिस से शिकायत कर मामले की  जांच की मांग की है। पुलिस को दिए जानकारी में बताया कि सोने के जेवरात, दो कान के लटकन, सोने की पत्ती, दो जोड़ी चांदी की पायल, एक चांदी की अंगूठी, एक जोड़ी लच्छा के अलावा डेढ़ लाख रुपए नगद तथा एटीएम की भी चोरी हुई। छुरिया पुलिस का कहना है कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।


अन्य पोस्ट