राजनांदगांव
अजा वर्ग के बजाय महिला अफसर पर अजजा का लाभ लेने की बिलासपुर में शिकायत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 28 मार्च। राजनांदगांव जिले में पदस्थ टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग यानी नगर निवेश की उपसंचालक कमला सिंह पर अजा वर्ग से होने के बावजूद अजजा वर्ग से नौकरी और सरकारी सुविधाएं हासिल करने का आरोप लगा है। इस मामले में बिलासपुर कलेक्टर से लिखित शिकायत हुई है।
शिकायतकर्ता पूजा कुशवाहा ने बिलासपुर में कमला सिंह की पदस्थापना के दौरान शिकायत की थी। इस मामले में अब बिलासपुर जिला कलेक्टर ने जांच के निर्देश दिए हैं। शिकायतकर्ता का दावा है कि महिला अफसर अनुसूचित जाति (सतनामी) वर्ग से संबंधित है। उन्होंने फर्जी दस्तावेज के जरिये अनुसूचित जनजाति का प्रमाण पत्र बनाया और उसके बाद सरकारी नौकरी और अन्य सुविधाओं का आज पर्यन्त लाभ उठाया है।
मिली जानकारी के मुताबिक नगर निवेश उपसंचालक कमला सिंह इन दिनों राजनांदगांव जिले में पदस्थ है। जब वह बिलासपुर में पदस्थ थी, तब एक महिला पूजा कुशवाहा ने उनकी जाति को लेकर कलेक्टर से शिकायत की थी।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि कमला सिंह ने वर्ष 2008 में फर्जी दस्तावेज के आधार पर अनुसूचित जनजाति गोंड जाति का स्थाई प्रमाण पत्र हासिल किया। पांच फरवरी 2008 को कोटा एसडीएम ने जाति प्रमाण पत्र जारी किया था।
शिकायतकर्ता का कहना है कि कमला सिंह मूलत: कोटा तहसील के नवागांव जिला बिलासपुर की रहने वाली है। वह सतनामी समाज से संबंधित है। जाति परिवर्तन कर महिला अफसर ने नौकरी के अलावा अन्य सरकारी सुविधा हासिल की।
शिकायतकर्ता ने यहां तक कहा है कि कमला सिंह शासकीय कन्या प्राथमिक शाला मोगरा तहसील कटघोरा में सत्र 1979 -80 में भर्ती हुई थी। विद्यालय के दाखिल-खारिज प्रमाण पत्र में जन्मतिथि 1 जुलाई 1972 तथा जाति सतनामी दर्ज है। इस मामले में कई तरह की गड़बडिय़ों को लेकर भी शिकायतकर्ता ने कलेक्टर से जांच की मांग की है। जिसमें स्थानांतरण प्रमाण पत्र, स्कूली प्रमाण पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों में भी कूटरचना के तहत कई बदलाव किए गए हैं।
इस मामले को लेकर अब राजनांदगांव कलेक्टर की ओर से विस्तृत जानकारी बिलासपुर कलेक्टर से मांगी गई है। इस संबंध में ‘छत्तीसगढ़’ ने नगर निवेश की उपसंचालक कमला सिंह से मोबाइल पर बात करने की कोशिश की, पर उन्होंने फोन नहीं उठाया।
वहीं बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने इस संबंध में ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि 3 दिन पहले नगर निवेश की उपसंचालक कमला सिंह के खिलाफ फर्जी जाति प्रमाण पत्र से नौकरी करने व सरकारी सुविधाएं लेने की लिखित शिकायत मिली है। मैंने जांच के आदेश दिए हंै।


