राजनांदगांव

पेंड्रॉल क्लिप ले जाने वाला पकड़ाया
28-Mar-2026 4:14 PM
पेंड्रॉल क्लिप ले जाने वाला पकड़ाया

आरपीएफ की टीम ने की कार्रवाई
‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता
राजनांदगांव, 28 मार्च
। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट राजनांदगांव द्वारा रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के तहत एक महत्वपूर्ण कार्रवाई की गई है। यह कार्रवाई मंडल सुरक्षा आयुक्त नागपुर दीपचंद आर्य के निर्देशन में संपन्न हुई।
मिली जानकारी के अनुसार 26 मार्च को निरीक्षक तरूणा साहू के नेतृत्व में  आरपीएफ टीम द्वारा रेलवे स्टेशन रसमड़ा एवं यार्ड क्षेत्र में रात्रि गश्त एवं चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया। उक्त व्यक्ति रेलवे के प्रतिबंधित क्षेत्र में बंद समपार फाटक के पास से एक बोरी में सामान लेकर जा रहा था। घेराबंदी कर पकड़े जाने पर उसके कब्जे से रेलवे ट्रैक में उपयोग होने वाली 24 नग पेंड्रॉल क्लिप बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मनीराम साहू 35 वर्ष निवासी रसमड़ा, जिला दुर्ग बताया। उसने स्वीकार किया कि वह उक्त सामग्री को चोरी-छिपे ले जाकर चलते-फिरते कबाड़ी को बेचने के उद्देश्य से ले जा रहा था। आरोपी द्वारा रेलवे संपत्ति के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उसके विरुद्ध रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम 1966 की धारा 03(अ) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर विशेष रेलवे न्यायालय रायपुर के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा (जेल) में भेजने का आदेश दिया गया। रेलवे सुरक्षा बल यात्रियों एवं रेलवे संपत्ति की सुरक्षा हेतु सतत् प्रतिबद्ध है तथा इस प्रकार की अवैध गतिविधियों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई जारी रखे हुए हैं।


अन्य पोस्ट