राजनांदगांव

डोंगरगढ़ में तैनात जवानों ने पुलिस बैंड की धुन के संग की मां बम्लेश्वरी की आरती
28-Mar-2026 4:12 PM
डोंगरगढ़ में तैनात जवानों ने पुलिस बैंड की धुन के संग की मां बम्लेश्वरी की आरती

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

राजनांदगांव, 28 मार्च। डोंगरगढ़ में चैत्र नवरात्रि के दौरान सुरक्षा में तैनात जवानों ने पुलिस बैंड की धुन में पहली बार मां बम्लेश्वरी की आरती के साथ पूजा-अर्चना की। नीचे स्थित मां बम्लेश्वरी के मंदिर में आरती उतारने के साथ पुलिस बैंड से भक्तिमय माहौल बनाया।

दरअसल इस नवरात्र सब कुछ यातायात से लेकर सुरक्षा मोर्चे में पुलिस की व्यवस्था काफी तगड़ी रही। माना जा रहा है कि मां बम्लेश्वरी की कृपा होने पर पुलिस महकमे की ओर से मां के प्रति कृतज्ञता जाहिर करने के उद्देश्य से पुलिस बैंड बताया गया। यह पहला अवसर है कि जब मां बम्लेश्वरी के दर में पुलिस विभाग ने बैंड की धुन से सबका ध्यान खींचा।  यह भी जानकारी मिली है कि एसपी अंकिता शर्मा ने नवरात्र के आखिरी दिन विभाग की ओर से पुलिस बैंड की धुन बजाने की योजना बनाई थी।

 इसके लिए  पुलिस बैंड को 15 दिन की ट्रेनिंग दी गई।

टीम में 15 से 17 लोगों ने अपनी सहभागिता दर्ज की। इस नवरात्र भी श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। पुलिस विभाग ने 1200 जवानों को अलग-अलग मोर्चे में सुरक्षा की जिम्मेदारी दी थी। दिन-रात जवानों ने कड़ी मेहनत की। नतीजतन बिना किसी हादसों के नवरात्र सफलतापूर्वक गुजर गया। एएसपी कीर्तन राठौर की मौजूदगी में अलग-अलग जिलों से आए राजपत्रित अधिकारियों, निरीक्षक, उप निरीक्षक से लेकर अन्य जवानों ने पुलिस बैंड की धुन बजने के दौरान अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।


अन्य पोस्ट