राजनांदगांव
टैंकरों से आपूर्ति का नहीं पड़ रहा असर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 27 मार्च। मेरेगांव में जल संकट गहराने से नागरिकों में आक्रोश पनपने लगा है। वहीं नगर पंचायत का वार्ड 01 व 02 मेरेगांव बस्ती टैंकरों के भरोसे है। पीएचई से मेरेगांव एवं चौकी की टंकियों को पानी नहीं मिलने से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
मिली जानकारी के अनुसार मेरेगांव में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह से टैंकरों के भरोसे हो गई है। मोहला-मानपुर-अं. चौकी जिले के अं. चौकी नगर के वार्ड 01 व 02 के नागरिकों की शिकायत है कि उन्हें नल से पानी नहीं मिल रहा है और टैंकरो के समय पर नहीं आने से उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि वे पानी के चक्कर में न वे समय में काम पर जा रहे हैं और न ही अन्य कार्य वे समय पर कर पा रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने नगरीय निकाय से पेयजल के लिए नलों से पानी उपलब्ध कराने की मांग की है।
पार्षद खेदीबाई अमिला व सुरेश नेताम एवं नागरिकों ने बताया कि टैंकर का आने-जाने का समय नहीं है, इसलिए लोगों को पीने के पानी के लिए काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। पार्षदों ने बताया कि नगर पंचायत का टैंकर सुबह 9 बजे के बाद मिलता है, जब तक लोगों को पीने के पानी की व्यवस्था के लिए टैंकर का इतंजार करना पड़ता है। ऐसे में मजदूर न तो अपनी मजदूरी के लिए जा पाते हैं और न ही नौकरी पेशा कर्मचारी काम पर जा पाते है। नागरिकों की माने तो पानी के चक्कर में उनकी दिनचर्या ही बिगड़ गई है। पार्षदों व नागरिकों ने नगर पंचायत से समय पर पेयजल आपूर्ति करने की मांग की है।
नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने बताया कि मेरेगांव बस्ती में जल संकट के निवारण के लिए हम पूरी तरह गंभीर एवं क्रियाशील हैं। इस दिशा में हम तेजी से काम भी कर रहे हैं। उन्होंने खुलासा किया कि वह अपने पहले कार्यकाल में मेरेगांव बस्ती में पानी टंकी के निर्माण के साथ अलग-अलग छह स्थानों में नलकूप खनन कराया था और इस कार्यकाल में भी हम पूरी गंभरता से यहां की समस्याओं के निराकरण की दिशा में प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यदि उन्हें पीएचई से पानी नहीं मिला तो स्थल जल योजना के माध्यम से जगह-जगह छोटी-छोटी सिंटेक्स पानी टंकी बिठाकर एवं पाईप लाइन बिछाकर जल संकट का निवारण करेंगे।


