राजनांदगांव

शहर में कल निकलेगी श्रीराम की शोभायात्रा
27-Mar-2026 11:19 PM
शहर में कल निकलेगी श्रीराम की शोभायात्रा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 27 मार्च। रामनवमी के पावन पर्व पर सकल गुजराती समाज एवं रामनवमी शोभायात्रा समिति द्वारा महावीर चौक हनुमान मंदिर राजनांदगांव से कल 28 मार्च को भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव पर भव्य शोभायात्रा निकाली जा रही है।

शोभायात्रा में राजनांदगांव के समस्त सनातनी हिन्दू भाई एवं बहनें भगवा, पीला या लाल परिधानों में शोभायात्रा की शोभा बढ़ाएंगे। शोभायात्रा शहर के लिए प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस महावीर चौक, हनुमान मंदिर पहुंचेगी, जहां समस्त सनातनी भाई एवं बहनें सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ कर प्रसादी प्राप्त करेंगे। रामनवमी शोभायात्रा का यह 19वां वर्ष है ।

विगत 18 वर्षों से लगातार हिंदुओं के अंतर्राष्ट्रीय  संगठन, विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल द्वारा शोभायात्रा निकाली जा  रही है। इस वर्ष यह शोभायात्रा सकल गुजराती समाज की अगुवाई में सर्व समाज एवं तमाम हिंदू संगठनों द्वारा निकाली जा रही है। शोभायात्रा के सफल संचालन के लिए बुधवार को महाजनवाड़ी भवन स्टेशन रोड में सर्व गुजराती समाज के साथ आयोजन समिति की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। जिसमें शोभायात्रा की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में बड़ी संख्या में गुजराती समाज के पदाधिकारी एवं सदस्यों सहित विभिन्न समाज एवं हिंदू संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल हुए।

बैठक में सर्व गुजराती समाज के प्रतिनिधि के रूप में नरेश पटेल ने बैठक को संबोधित करते आयोजन समिति को धन्यवाद दिया कि उन्होंने सर्व गुजराती समाज की अगुवाई में सभी समाज एवं सनातनी संगठनों के साथ मिलकर शोभायात्रा को भव्य एवं सफल बनाने का दायित्व दिया है। श्री पटेल ने विश्वास दिलाया कि सर्व गुजराती समाज इस शोभायात्रा में बढ़-चढक़र हिस्सा लेगा एवं इसे भव्य एवं सफल बनाने कोई भी कसर नहीं छोड़ेगा।  बैठक में उपस्थित सभी समाज के बंधुओं ने शोभायात्रा को सफल बनाने हेतु महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिसे लेखबद्ध भी किया गया है।

समिति के लोगों ने बताया कि शोभायात्रा में भगवान श्रीराम की एक भव्य आकर्षक झांकी के साथ प्रभावी बैंड, भजन मंडलियां, छत्तीसगढ़ की विभिन्न सांस्कृतिक लोक नृत्य एवं वनवासी नृत्य की विभिन्न मंडलियों के समूह के साथ कई अन्य आकर्षक प्रस्तुतियां शोभायात्रा में नजर आएगी। शोभायात्रा में शामिल होने शहर के विभिन्न बस्तियों में लगातार बैठक कर रामोत्सव के आयोजन में शोभायात्रा हेतु समस्त सनातनियों को  आमंत्रित किया जा रहा है। शोभायात्रा के मार्गों को भगवामय कर सजाया जा रहा है।

बैठक में उपस्थित सदस्यों ने संस्कारधानी के समस्त सनातनियों से अनुरोध किया है कि वह इस शोभायात्रा में अवश्य शामिल हों तथा जिन मार्गों  से यह शोभायात्रा गुजरेगी, वहां शोभायात्रा में शामिल आकर्षक रथ में विराजित हम सबके आराध्य देव भगवान श्रीराम पर पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत अवश्य करें। हर वर्ष की तरह इस वर्ष की विभिन्न समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य यात्रा के मार्ग पर शोभायात्रा का भव्य स्वागत करने तैयारियों में लगे हैं। शोभायात्रा में अनेक माता-पिता अपने-अपने बच्चों को श्रीराम,  भ्राता लक्ष्मण, माता जानकी सहित हनुमान की विशिष्ट वेशभूषा में लाकर यात्रा की शोभा बढ़ाते हैं। श्रीराम नवमी शोभयात्रा समिति और सर्व गुजराती समाज ने सभी राम भक्तों, सनातनियों और सभी सामाजिक बंधुओं से इस शोभायात्रा में उपस्थित होने का आग्रह किया है।

 उक्त जानकारी  आयोजन समिति के पवन पटेल ने दी।


अन्य पोस्ट