राजनांदगांव
4.95 लाख भूमिहीन मजदूरों के खाते में पहुंचे 495.96 करोड़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 27 मार्च। छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार प्रदेश के अन्नदाताओं के साथ-साथ मेहनतकाश भूमिहीन कृषि मजदूरों के जीवन में खुशहाली लाने निरंतर समर्पित भाव से कार्य कर रही है। इसी कड़ी में गुरुवार को बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पं. चक्रपाणि शुक्ल हायर सेकंडरी स्कूल मैदान में आयोजित एक विशाल कार्यक्रम में प्रदेश के 4.95 लाख से अधिक हितग्राहियों के बैंक खातों में 495.96 करोड़ की आदान राशि का सीधे अंतरण किया गया।
इस अवसर पर राजनांदगांव भाजपा किसान मोर्चा ने प्रदेश सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते इसे मोदी की गारंटी को पूरा करने वाला कदम बताया है। योजना के तहत भूमिहीन कृषि मजदूरों को अब प्रति वर्ष 10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। बजट 2026-27 में इस योजना के लिए साय सरकार ने 600 करोड़ का प्रावधान किया है, जो इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश सरकार गरीबों और मजदूरों के उत्थान के लिए कितनी गंभीर है।
कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि वर्ष 2025 में भी 5.62 लाख हितग्राहियों के खातों में 562.11 करोड़ की राशि सफलतापूर्वक अंतरित की गई थी। किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष दादूराम सोनकर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश का गरीब तबका आज सुरक्षित महसूस कर रहा है। केंद्र में मोदी और राज्य में साय सरकार की डबल इंजन वाली नीतियां जमीन पर दिखाई दे रही है।


