राजनांदगांव
गुस्साए ग्रामीणों ने स्टेट मार्ग पर लाश के साथ किया प्रदर्शन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 27 मार्च। मोहला के बस स्टैंड में बस खड़ा करने को लेकर उपजा विवाद उस वक्त हिंसक रूप में सामने आया, जब तीन लोगों ने बस चालक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने स्टेट हाईवे पर शव रखकर प्रदर्शन किया। घटना 20 मार्च की है। जिसमें चालक को पीट-पीटकर जख्मी कर दिया गया और अस्पताल में उसकी मौत हो गई। इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने शव के साथ प्रदर्शन किया। पुलिस ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी करने का आश्वासन दिया है। पुलिस की समझाईश के बाद ग्रामीण शांत हुए और शव का अंतिम संस्कार किया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक 20 मार्च की रात को सांगली के रहने वाले कमलेश भुआर्य भारत बस सर्विस का चालक था। मोहला बस स्टैंड में बस को खड़ा करने को लेकर एक दूसरे बस के चालक इसराईल खान, प्रवीण और सोनू राजपूत के साथ विवाद हो गया। विवाद के दौरान तीनों ने मिलकर कमलेश की बेदम पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि शुरूआती लड़ाई में दोनों पक्षों को कुछ लोगों ने दखल देकर शांत कराया। इसके बाद तीनों फिर से बस में सो रहे कमलेश को बाहर निकालकर लगातार पीटा। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राजनांदगांव में उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि लात-घूसे मारने से कमलेश के पेट की अतड़ी को जबर्दस्त नुकसान हुआ था। जिसके चलते रक्तस्राव नहीं थमा और उसकी मौत हो गई। कल गुरुवार को मौत की खबर के बाद शव लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। कमलेश सांगली गांव का रहने वाला था। पुलिस ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिया, तब प्रदर्शनकारियों ने चक्काजाम समाप्त किया।


