राजनांदगांव
मेजबान छत्तीसगढ़ ने राजस्थान को 7-0 से किया पराजित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 27 मार्च। मेजबान छत्तीसगढ़ ए और मध्यप्रदेश ए की बालिकाओं ने आसान मैचो में अपनी विरोधी टीमों को हराकर हॉकी इंडिया द्वारा संचालित व छत्तीसगढ़ हॉकी द्वारा आयोजित अस्मिता वेस्ट जोन जूनियर बालिका हॉकी प्रतियोगिता में जीत दर्ज की। प्रतियोगिता का शुभारंभ तरूणा साहू (पंडवानी लोक गायिका) इंस्पेक्टर आरपीएफ के मुख्य आतिथ्य, शैलजा नायक प्राचार्य गायत्री स्कूल की अध्यक्षता एवं अनिशा साहू अंतर्राष्ट्रीय हाकी खिलाड़ी, आशा थॉमस कोषाध्यक्ष छग हॉकी, रिया वर्मा, चंदन सिंह भारद्वाज, गुणवंत पटेल, मृणाल चौबे के विशिष्ट आतिथ्यि और आयोजन समिति के सचिव फिरोज अंसारी व सदस्यों की उपस्थिति में आयोजित हुआ।
प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि ने कहा कि खिलाडिय़ों के लिए कठिन परिस्थितियां कोई बाधा नहीं, बल्कि उनकी ताकत बनती है। धूप में अभ्यास और पसीने की हर बूंद उन्हें और मजबूत बनाती है। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते कहा कि खेल केवल शरीर को ही नहीं, बल्कि मन और चरित्र को भी मजबूत बनाते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते शैलजा नायर ने कहा कि निरंतर अभ्यास, धैर्य और समर्पण से ही खिलाड़ी अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं।
आयोजन समिति के सचिव व छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी ने अतिथियों का स्वागत करते उक्त आयोजन का विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह स्पर्धा केंद्र सरकार की योजना के तहत यह प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। जिसमें विशेष रूप से बालिका खिलाडिय़ों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चारों जोन में अस्मिता हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया है। ऐसे आयोजन से हर खिलाडिय़ों को खेल का प्रदर्शन दिखाने को मौका मिल रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि इसके पूर्व भी 4 बार अस्मिता हॉकी लीग इस अंतर्राष्ट्रीय हॉकी मैदान में आयोजित की जा चुकी है।
अंतर्राष्ट्रीय एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में गुरुवार से प्रारंभ हुई अस्मिता वेस्ट जोन जूनियर बालिका हॉकी प्रतियोगिता के प्रथम मैच में मेजबान छत्तीसगढ़ ने हॉकी राजस्थान को 0 के मुकाबले 7 गोल से पराजित किया। छत्तीसगढ़ की टीम ने अपने शानदार खेल का परिचय देते मैच के पहले ही 1-0 गोल की बढ़त बना ली थी। छत्तीसगढ़ टीम की ओर से रुक्मणि ने 3 गोल, अक्षिता आहूजा ने 2 गोल और भूमिका धनकर और नेहा कुमारी ने 1-1 गोल किए।
दूसरे मैच में मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र की टीम 1-1 गोल की बराबरी पर रही। इस मुकाबले में मैच के पहले क्वाटर में ही मैच 5वे मिनट में हॉकी मध्यप्रदेश की मिताली शर्मा ने गोल कर 1-0 गोल की बढ़त बनाई थी, जिसे महाराष्ट्र की टीम ने मैच के 15 मिनट में खुशी ने गोल कर स्कोर को बराबरी पर ला दिया। उसके पश्चात मैच के अंतिम समय तक कोई भी टीम गोल नहीं कर पाई और मैच 1-1 गोल के स्कोर पर ही समाप्त हो गई। उद्घाटन अवसर पर शिवा चौबे, दिलीप रावत, योगेश द्विवेदी, सचिन खोबरागड़े, शकील अहमद, किशोर धीवर, हारून खान, राजेश निर्मलकार, कृष्णा यादव आदि उपस्थित थे।


