राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 26 मार्च। महापौर मधुसूदन यादव ने बुधवार को वार्ड क्र. 39 स्थित दुर्गा चौक में पानी की समस्याओं के निराकरण के लिए वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह, शैंकी बग्गा, सावन वर्मा, रवि सिन्हा, सतीश साहू, शरद सिन्हा, अजय श्रीवास्तव, रितेश देवांगन समेत वार्ड के लोग शामिल थे। महापौर ने वार्ड का भ्रमण कर नागरिकों से सीधा संवाद किया और पेयजल की समस्या को सुनकर निराकरण करने संबंधितों को आवश्यक निर्देश दिया।
महापौर श्री यादव के वार्ड नं. 39 पहुंचने पर स्थानीय नागरिकों ने गर्मी के मौसम में बढ़ती पानी की किल्लत से अवगत कराया, जिस पर महापौर ने तत्परता दिखाते समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को निर्देशित करते वार्ड के पेयजल समस्या वाले तीन प्रमुख स्थानों पर बोरिंग में समर्सिबल पंप तथा पानी की टंकी लगाने की तत्काल कार्रवाई करने कहा। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में आमजन को पानी जैसी मूलभूत आवश्यकता के लिए परेशान नहीं होना पड़े, इसके लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधि मिलकर निरंतर कार्य कर रहे हैं।
इस पहल से वार्डवासियों को शीघ्र ही राहत मिलेगी और जल संकट से निजात मिलेगी। पार्षद रवि सिन्हा ने इस निर्णय के लिए महापौर का आभार व्यक्त करते कहा कि वार्ड के नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेगा और विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।