राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 26 मार्च। नगर निगम के आय मे वृद्धि के लिए निगम द्वारा विभिन्न स्थानों पर व्यवसायिक परिसर का निर्माण किया गया है। कुछ व्यवसायिक परिसर पुरानी होने के कारण जर्जर स्थिति में आ गई है। पुरानी व्यावसायिक परिसरों में जीई रोड में निर्मित 38 दुकाने तथा कस्तूरबा महिला मंडल रोड में निर्मित 18 दुकाने भी जर्जर हो रही है। जिसके जीर्णोद्वार के लिए महापौर मधुसूदन यादव ने नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा की उपस्थिति में दुकानदारों की बैठक आहुत की।
महापौर ने दुकानदारों से कहा कि निगम स्वामित्व की जीई रोड एवं कस्तूरबा महिला मंडल रोड में निर्मित दुकाने 25 वर्ष से अधिक की होने के कारण जर्जर स्थिति में आ गई है। जिसका जीर्णोद्धार किया जाना है। उक्त दुकान को तोडक़र पुन: निर्माण कर आबंटित दुकानदारों को व्यवस्थापित करने चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि चूंकि उक्त दुकानें जीई रोड से लगी हुई है और पार्किंग के लिए स्थल नहीं है, जिसे भी ध्यान में रखकर दुकाने निगम परिसर में पीछे से निर्माण कर आगे पार्किंग बनाया जाएगा। इस संबंध में ड्राईग डिजाईन तैयार कर लागत राशि में दुकान दिए जाने अवगत कराया गया।
आयुक्त ने बैठक में जानकारी दी कि दुकानों की लीज अवधि समाप्त हो चुकी है। दुकानें जर्जर होने के कारण पुन: निर्माण करने लीज अवधि में वृद्धि नहीं की गई है। दुकानों का किराया नियमानुसार लिया जा रहा है। जीर्णोद्धार उपरांत नियमानुसार लीज अवधि में वृद्धि की जाएगी। महापौर की मंशानुरूप दुकान का जीर्णोद्धार करने एवं आबंटितो को लाभ देने चर्चा करने बैठक बुलाई गई है। दुकानदारों द्वारा अपनी सहमति दी गई तथा दुकान निर्माण में होने वाली लागत राशि, उसका स्वरूप, डिजाईन, नियम शर्ते तैयार कर पुन: बैठक बुलाने अनुरोध किया गया।
महापौर श्री यादव ने दुकानदारों के साथ स्थल निरीक्षण कर प्र.कार्यपालन अभियंता प्रणय मेश्राम एवं राजस्व अधिकारी राजेश तिवारी को निर्देशित किया कि वास्तुविद को बुलाकर ड्राईंग डिजाईन तथा लागत राशि आदि तैयार करें। उन्होंने कहा कि ड्राईंग डिजाईन तैयार होने के पश्चात पुन: दुकानदारों की बैठक बुलाकर उन्हें अवगत कराकर सहमति अनुसार कार्य किया जाएगा।
बैठक में जीई रोड एंव कस्तूरबा महिला मंडल रोड के दुकानदार उपस्थित थे।


