राजनांदगांव

दूसरे की अस्थि नदी में विसर्जित, पीडि़त परिवार ने किया हंगामा
25-Mar-2026 2:56 PM
दूसरे की अस्थि नदी में विसर्जित,  पीडि़त परिवार ने किया हंगामा

मुक्तिधाम प्रबंधन की लापरवाही उजागर

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

राजनांदगांव, 25 मार्च। शहर के लखोली स्थित मुक्तिधाम में मंगलवार को उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब एक परिवार को मृत सदस्य की अस्थियां गायब मिली। हंगामा होने पर यह बात सामने आई कि एक दूसरे परिवार ने अस्थियों को नदी में विसर्जित कर दिया। इस मामले को लेकर मुक्तिधाम प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की जा रही है। यह एक बड़ी चूक है। जिसे लेकर शहर में व्यापक तीखी प्रतिक्रिया सामने आ रही है।

मिली जानकारी के मुताबिक चिखली के रहने वाले राहुल सिंह चौहान का छोटा भाई पंकज सिंह चौहान का निधन होने पर रविवार को उसका मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया था। उसी दिन रामनगर के रहने वाले एक परिवार के एक सदस्य की अंत्येष्टि हुई थी। तीन दिन बाद जब चिखली निवासी चौहान परिवार अस्थि लेने पहुंचा तो फूल गायब मिला। इसकी जानकारी लेने के लिए परिवार के लोग मुक्तिधाम के चौकीदार और कर्मचारियों के पास पहुंचे तो पता चला कि रामनगर के रहने वाले परिवार ने चिखली के पंकज सिंह की अस्थि को ले जाकर नदी में विसर्जित कर दिया।

 

बताया जा रहा है कि चौहान परिवार के सदस्यों ने काफी देर तक हंगामा किया।

प्रबंधन ने इस मामले में पल्ला झाडऩे की कोशिश की। बताया जा रहा है कि  चौहान परिवार अपने सदस्य पंकज चौहान की अस्थियों को इलाहाबाद में विसर्जित करना चाहता था, लेकिन दूसरे परिवार ने उसकी अस्थि को स्थानीय नदी में विसर्जित कर दिया।

 इस मामले को लेकर कलेक्टर से भी शिकायत करने की बात चौहन परिवार ने की है। बताया जा रहा है कि पिंजारापोल अध्यक्ष खूबचंद पारख ने इस मामले को लेकर जानकारी ली है। उन्होंने  घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की बात कही है।


अन्य पोस्ट