राजनांदगांव
नांदगांव का जयस्तंभ स्मारक बना पार्किंग
का ठिकाना, जीर्ण-शीर्ण हालत में भी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 25 मार्च। राजनांदगांव शहर का जयस्तंभ स्मारक ऐतिहासिक पहचान प्रशासनिक उदासीनता की वजह से अपनी पहचान खो रहा है। शहर के ऐतिहासिक और पुराने स्थानों में जयस्तंभ स्मारक की एक अलग साख रही है।
आमतौर पर कुछ खास अवसरों में ही जयस्तंभ स्मारक की सुध ली जाती है, लेकिन अन्य दिनों में यह स्मारक पार्किंग स्थल के रूप में चिन्हांकित होता है। पार्किंग के लिहाज से एक उपयुक्त ठिकाना भी बना दिया गया है। जयस्तंभ स्मारक की वजह से ही चौक की रौनकता रही है। हाईमास्क लाईट से लैस रहा यह चौक अब कई बार अंधेरे के आगोश में रहता है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की याद में स्थापित जयस्तंभ स्मारक को देखकर आजादी के सिपाहियों की कुर्बानी का स्मरण किया जाता है। जयस्तंभ को ऐतिहासिक आंदोलनों, सामाजिक गतिविधियों का एक यादगार स्मारक माना जाता है। न सिर्फ राजनांदगांव, बल्कि जिले के छुईखदान और खैरागढ़ में भी जयस्तंभ स्मारक बनाया गया है।
जयस्तंभ को विजय का प्रतीक भी माना जाता है। जयस्तंभ का अर्थ विजय स्तंभ भी कहा जाता है। इस तरह देश की आजादी से जुड़ी स्मरणों को प्रासंगिक बनाए रखने के लिए जयस्तंभ स्मारक बनाया गया, लेकिन शहर में लगातार बढ़ती यातायात समस्या की वजह से पार्किंग के लिए ठिकाना बनाया दिया गया है। ऐेसे में जयस्तंभ की गरिमा और ऐतिहासिक महत्व लुप्त होने के कगार पर है।