राजनांदगांव
एमएमसी पुलिस ने जालवाही में लगाया शिविर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 मार्च। मोहला-मानपुर-अं. चौकी जिले के सीतागांव थाना क्षेत्र के ग्राम जालवाही में पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह द्वारा ग्रामीणों से सीधे संवाद कर समस्याएं सुनी। बच्चों को खेल सामग्री वितरण कर शिक्षा एवं खेल के प्रति प्रेरित किया गया। साथ ही माओवादी गतिविधियों के विरुद्ध सहयोग के लिए ग्रामीणों से अपील की गई।
मिली जानकारी के अनुसार 19 मार्च को थाना सीतागांव क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जालवाही में सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह द्वारा ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना गया एवं उनके निराकरण का आश्वासन दिया गया। इस दौरान स्कूली बच्चों को खेल सामग्री वितरित की गई तथा उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी सक्रिय रहने प्रेरित किया गया। साथ ही बच्चों को शिक्षा के महत्व के बारे में मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा ग्रामीणों से अपील की गई कि जिले में सक्रिय बचे हुए माओवादी तत्वों को मुख्यधारा में लाने हेतु आत्मसमर्पण के लिए प्रेरित करें तथा पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि पुलिस हमेशा जनता की सुरक्षा एवं सहायता के लिए तत्पर है। कार्यक्रम में थाना सीतागांव प्रभारी सुशील त्रिपाठी, रक्षित निरीक्षक भुनेश्वर कश्यप, सहायक उप निरीक्षक नरसिंह जाड़े, स्कूल के सहायक शिक्षक रामचंद्र वर्मा, पूर्व सरपंच सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।