राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 मार्च। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज ने डिजिटल प्रशासन की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते ई-ऑफिस प्रणाली के लिए अनुकरणीय कदम बढ़ाया है। राजधानी रायपुर स्थित मुख्यालय में सफल क्रियान्वयन के बाद अब 1 अप्रैल 2026 से राजनांदगांव क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चार जिलों राजनांदगांव, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई एवं मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी के सभी बिजली कार्यालयों में ‘ई-ऑफिस सिस्टम’ पूरी तरह लागू कर दिया जाएगा।
राजनांदगांव क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक शिरीष सेलट ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य फाइलों का त्वरित और पारदर्शी निराकरण करना है। उन्होंने कहा कि मुख्यालय स्तर पर 10 नवंबर 2025 से ई-ऑफिस सफलतापूर्वक चल रहा है। अब इसे मैदानी स्तर पर ले जाया जा रहा है। इससे नोटशीट, आदेश, पत्र और परिपत्र जैसे सभी दस्तावेजों का निर्माण, अनुमोदन, प्रेषण और संधारण पूरी तरह से डिजिटल रूप से होगा। जिससे समय और कागज दोनों की बचत होगी।