राजनांदगांव

हर्षोल्लास से मनी ईद, गले मिलकर दी मुबारकबाद
21-Mar-2026 4:14 PM
हर्षोल्लास से मनी ईद, गले मिलकर दी मुबारकबाद

नमाज के बाद घरों में सेवईयों की रही महक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 21 मार्च। प्रेम, आपसी भाईचारे का प्रतीक ईद पर्व शनिवार को परंपरागत रूप से मनाया गया।  रमजान माह के आखिरी दिन परंपरागत रूप से समूचे जिले में ईदुल-फितर पर्व मनाया गया। मुस्लिम धर्मावलंबियों ने स्थानीय मठपारा स्थित ईदगाह मैदान में ‘शुक्राने नमाज’ अता कर अल्लाह से दुआएं मांगी।

सामुहिक नमाज में शहरभर के सैकड़ों मुस्लिम बंधु नमाज के लिए तय समय पर पहुंचे। इसके अलावा डोंगरगढ़, डोंगरगांव, खैरागढ़, मोहला-मानपुर-अं. चौकी समेत अन्य कस्बाई इलाकों में नमाज की रस्म अता की गई। नमाज के बाद पारंपरिक रूप से गले मिलकर मुस्लिम बंधुओं ने गैर मुस्लिम बंधुओं से मुबारकबाद स्वीकार की। स्थानीय मठपारा स्थित ईदगाह मैदान में आज सुबह से ही ईद पर्व को लेकर हर्षोल्लास का माहौल रहा। घरों में महिलाओं ने भी नमाज अता कर अल्लाह के प्रति शुक्रिया अदा किया। इसके बाद घरों में सेवईयों की महक बनी रही। 30 दिन तक रोजा रखकर मुस्लिम समुदाय ने अल्लाह की इबादत की। 5 वक्त का नमाज अता करते समाज के हर वर्ग ने महीनेभर रोजा रखकर अल्लाह की नेहमत करते वक्त गुजारा। ईद के अवसर पर समाज की ओर से व्यापक तैयारी की गई थी। 30 रोजा के मुकम्मल होने के अगले दिन शहर के अलग-अलग हिस्सों में स्थित मस्जिदों में मुस्लिम बंधुओं ने नमाज की रस्म अदा की।

पर्व के मौके पर घरों में सेवईयों की खुशबू फैल गई। घरों में दावतों का सिलसिला चला। इससे पहले  शुक्रवार शाम को बाजार में काफी हलचल रही। नए कपड़ों की खरीददारी के साथ मुस्लिम धर्मावलंबियों की ओर से अन्य सामानों की जमकर खरीदी की गई। जिससे बाजार में उत्साह का माहौल रहा। रमजान के महीने के आखिरी दिन समाज के हर तबके ने गैर मुस्लिम समुदाय के मुबारकबाद को स्वीकार किया।

 प्रेम और आपसी भाईचारे के संदेश के साथ आज पर्व को परंपरागत रूप से मनाया गया। इधर उद्योगपति बहादुर अली, अंजुम अल्वी, वरिष्ठ अधिवक्ता हलीम बख्श गाजी, जामा मस्जिद इंतेजामिया कमेटी राजनांदगांव के सदर रईस अहमद शकील, हफीज खान, शाहिद भाई, आफताब आलम, फिरोज अंसारी,  परवेज अहमद, इरफान शेख समेत अन्य लोगों ने ईद की समूचे जिले के नागरिकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

 

राजनीतिक जगत के लोगों ने दी बधाई

मठपारा स्थित ईदगाह मैदान में नमाज के बाद भाजपा-कांग्रेस समेत अन्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने मुस्लिम धर्मावलंबियों को ईद की मुबारकबाद दी। स्थानीय कांग्रेस और भाजपा के प्रमुख नेताओं ने ईद पर्व की बधाई देने के लिए ईदगाह मैदान में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। बधाई देने वालों में महापौर मधुसूदन यादव, शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार, पूर्व महापौर हेमा देशमुख, पूर्व महापौर सुदेश देशमुख, चेतन भानुशाली, भाजपा पार्षद शैंकी बग्गा समेत अन्य लोग उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट