राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 मार्च। डोंगरगांव पुलिस ने मानवता की मिसाल पेश करते अज्ञात मृतक का सम्मानपूर्वक कफन-दफन कराया। बताया गया कि शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल राजनंादगांव में उपचार के दौरान मृत हुए एक अज्ञात पुरूष के शव का विधिवत कफन-दफन कराया गया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार थाना डोंगरगांव डायल 112 वाहन द्वारा इवेंन्ट मिलने पर एक अज्ञात पुरूष को ग्राम अर्जुनी से गंभीर अवस्था में उपचार हेतु शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल राजनांदगांव में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान उसकी मृत्यु 11 मार्च को हो गई। अस्पताल प्रबंधन द्वारा उक्त घटना की सूचना अस्पताल पुलिस चौकी को को दी गई, जिस पर पुलिस चौकी द्वारा वारिसान के आने का इंतजार किया गया, कोई भी परिजन एवं वारिसान नहीं आने से थाना डोंगरगांव को कफन-दफन कराने के लिए सूचना प्राप्त होने से आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की गई। फोटोग्राफ एवं वीडियोग्राफी कराया गया।
थाना डोंगरगांव पुलिस द्वारा मृतक की पहचान स्थापित करने के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों एवं सरहदी जिलों में मृतक का फोटोग्राफ भेजकर एवं कोटवार ग्रुप एवं विभिन्न सोशल मीडिया गु्रप में फोटो पहचान हेतु सूचना प्रेषित की गई तथा गुम इंसान संबंधी अभिलेखों से मिलान किया गया। साथ ही मृतक के हुलिए के आधार पर स्थानीय स्तर पर भी पहचान कराने का प्रयास किया गया, किन्तु निर्धारित समयावधि तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी और न ही कोई परिजन अथवा दावेदार सामने आया। ऐसी स्थिति में पुलिस द्वारा विधिसम्मत आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूर्ण करते अज्ञात मृतक के शव का सम्मान पूर्वक कफन-दफन चिखली राजनांदगांव स्थित मुक्तिधाम में कराया गया, ताकि मृतक को मानवीय गरिमा के साथ अंतिम संस्कार दिया जा सके।


