राजनांदगांव
जोत जंवारा से नौ दिन रहेगा भक्तिमय माहौल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 मार्च। चैत्र नवरात्र पर्व 19 मार्च से शुरू होगी। नवरात्र को लेकर देवी मंदिरों में तैयारी पूरी हो गई है। 19 मार्च को नवरात्र प्रारंभ होकर रामनवमी के साथ 27 मार्च को समाप्त होगी। चैत्र नवरात्रि पर मंदिरों में जहां आस्था की जोत प्रज्जवलित होगी। वहीं मां बम्लेश्वरी के दर्शनार्थियों की निगरानी और सुरक्षा के लिए पुलिस ने तगड़ी तैयारी की है।
सुरक्षा के मद्देनजर एक हजार से ज्यादा जवानों को तैनात किया गया है। सुरक्षा के लिए अलग-अलग सेक्टर तय किया गया है। जिसमें ऊपर स्थित मां बम्लेश्वरी के सीढ़ी मार्ग और छीरपानी तक जवान तैनात रहेंगे। इसके अलावा स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर और मेला प्रांगण के लिए भी जवान तैनात रहेंगे। इस तरह पदयात्रियों और अलग-अलग रास्तों से डोंगरगढ़ पहुंच मार्ग में भी पेट्रोलिंग पार्टियां लगातार गश्त करेगी।
इस संबंध में एएसपी कीर्तन राठौर ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में कहा कि मेले की तैयारी पूरी हो चुकी है। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए चप्पे-चप्पे पर जवानों को तैनात किया है। पुख्ता सुरक्षा के लिए 1200 जवान मेला स्थल से लेकर पदयात्री मार्ग अंजोरा तक तैनात रहेंगे। आपातकालीन स्थिति से निपटने जवान हरदम मुस्तैद रहेंंगे।
चैत्र नवरात्र पर्व पर शहर के प्रतिष्ठित मंदिरों में ज्योति कलश की स्थापना के लिए कक्षों को सजाया जा रहा है। भक्तों की भीड़ के मद्देनजर मंदिर समितियों की ओर से विशेष बंदोबस्त किए गए हैं। शहर के नामी मंदिरों में हर साल स्थानीय और बाहरी भक्तों की आवाजाही में बढ़ोत्तरी हो रही है। ऐसे में मंदिर प्रांगणों में टेंट भी लगाया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों को भी चैत्र नवरात्रि के लिए आकर्षक रूप दिया गया है। डोंगरगढ़ के ऊपर और नीचे स्थित मां बम्लेश्वरी के प्रांगण में तैयारी पूरी कर ली गई है।
श्रद्वालुओं की सुरक्षा और बेहतर आवागमन के लिए पुलिस प्रशासन ने राजपत्रित अधिकारी समेत करीब एक हजार सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया है। बताया जाता है कि अंजोरा से लेकर डोंगरगढ़ तक पैदल चलने वाले भक्तों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है। इसके अलावा मेडिकल यूनिट भी पदयात्रियों की सेहत का ख्याल रखेगी। बताया जाता है कि इस बार प्रशासन ने रेल्वे स्टेशन और पहाड़ में भी मेडिकल विशेषज्ञों की टीम को तैनात रखा है। बताया जाता है कि तेज धूप पडऩे की स्थिति में भक्तों के स्वास्थ्य में गिरावट होती है। शरीर में पानी की कमी को दूर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से दवाईयां भी मुहैया कराई गई है। अंजोरा से डोंगरगढ़ की दूरी करीब 65 किमी है।
राजनांदगांव जिले की सरहद में प्रवेश करते ही नेशनल हाईवे को वन-वे कर दिया गया है। सुगम यातायात के लिए स्टापर भी लगाए हैं। साथ ही चिचोला, खैरागढ़ तथा बोरतालाव की मार्ग को भी निगरानी में रखा गया है। चिचोला और बोरतालाव की ओर से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग बनाया गया है। सडक़ हादसों की रोकथाम के लिए चलित मोबाइल यूनिट भी अलर्ट रहेगी। मंदिर प्रांगण में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जवानों को मुस्तैद रहने के लिए आदेश दिए गए हैं।