राजनांदगांव
गीता ग्रंथ व गमछा भेंट कर जताया सम्मान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 17 मार्च। यादव समाज ने प्रेस क्लब के लगातार तीसरी बार निर्वाचित अध्यक्ष सचिन अग्रहरि का भव्य स्वागत एवं सम्मान करते उनके नेतृत्व और पत्रकारों के हित में किए गए कार्यों की खुलकर सराहना की।
प्रेस क्लब के चुनाव में लगातार तीसरी बार अध्यक्ष चुने गए सचिन अग्रहरि का यादव समाज द्वारा गर्मजोशी के साथ सम्मान किया गया। कार्यक्रम का आयोजन शहर में आयोजित एक सादगीपूर्ण, लेकिन गरिमामय समारोह में किया गया, जहां समाज के पदाधिकारियों और सदस्यों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर अपनी खुशी जाहिर की। इस अवसर पर समाज के प्रतिनिधियों ने सचिन अग्रहरि को श्रीमद भगवतगीता ग्रंथ भेंट कर तथा पारंपरिक सामाजिक गमछा ओढ़ाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि श्री अग्रहरि अपने मृदु व्यवहार, सहज व्यक्तित्व और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं। उनके नेतृत्व में प्रेस क्लब ने नई ऊंचाइयों को छुआ है और पत्रकारों के हितों को प्राथमिकता दी गई है।
मीडिया से जुड़े यादव समाज के अभिषेक यादव ने जानकारी देते बताया कि सचिन अग्रहरि ने पत्रकारों के लिए आवास उपलब्ध कराने के प्रयासों में विशेष रुचि दिखाई है। उन्होंने इसे अपना प्रमुख लक्ष्य बनाकर लगातार प्रयास किए। जिससे पत्रकारों के बीच उनकी लोकप्रियता और विश्वास मजबूत हुआ। यही कारण है कि प्रेस क्लब के चुनाव में उन्हें भारी बहुमत से जीत हासिल हुई। उन्होंने बताया कि इस बार के चुनाव में उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी को निर्णायक अंतर से पराजित किया, जो उनके प्रति पत्रकारों के विश्वास और समर्थन को दर्शाता है। समाज के सदस्यों ने उनके इस शानदार प्रदर्शन पर गर्व व्यक्त किया।
कार्यक्रम में प्रेस क्लब के नव-निर्वाचित सचिव अनिल त्रिपाठी और कोषाध्यक्ष बसंत शर्मा को भी उनकी जीत पर बधाई दी गई। उपस्थित लोगों ने उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी पत्रकारों के हित में और अधिक सक्रियता से कार्य करेगी तथा संगठन को और मजबूत बनाएगी। समारोह में यादव समाज के वरिष्ठ सदस्य भोला यादव, गीता यादव, दिलीप यादव, गेंदालाल यादव, मुकेश यादव, अभिषेक यादव सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर सचिन अग्रहरि के नेतृत्व की सराहना की और उनके सफल कार्यकाल की कामना की। अंत में समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि ऐसे कर्मठ और ईमानदार नेतृत्व से न केवल पत्रकारों का मनोबल बढ़ता है, बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश भी जाता है। कार्यक्रम का समापन आपसी सौहार्द्र और शुभकामनाओं के साथ हुआ।


