राजनांदगांव
डोंगरगांव के कोकपुर की घटना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 17 मार्च। पत्नी से अनबन के चलते एक सरकारी स्कूल के हेड मास्टर ने आत्महत्या कर ली। घटना रविवार 15 मार्च की है। शिक्षक ने फांसी लगाकर खुदकुशी की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत की वजह विशुद्ध रूप से मामले को आत्महत्या बताया गया है। डोंगरगांव थाना प्रभारी आशीर्वाद राहटगांवकर ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि पारिवारिक तनाव के चलते हेड मास्टर ने आत्महत्या की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत कोकपुर के आश्रित ग्राम अरसीटोला के रहने वाले 53 वर्षीय भीमनसिंह जरहामहका के सरकारी स्कूल में प्रधान पाठक के पद पर कार्यरत था। हेडमास्टर का अत्याधिक शराब सेवन करने के आदत से पत्नी के साथ अनबन था। बताया जा रहा है कि विवाद के कारण ही पत्नी अपने मायके आतरगांव चली गई थी। हेडमास्टर का अक्सर नशे में रहना पत्नी को पसंद नहीं था। इसी आपसी झगड़े के कारण हेड मास्टर ने अपने घर में गमछे के सहारे फांसी लगाकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि हेड मास्टर की दो बच्चियां मेडिकल की छात्रा है। पुलिस ने आत्महत्या की घटना की जांच करते पोस्टमार्टम के रिपोर्ट का हवाला देकर बताया कि विशुद्ध रूप से फांसी लगाकर हेड मास्टर ने खुदकुशी की है। परिजनों को जानकारी दे दी गई है।


