राजनांदगांव
आरोपी गिरफ्तार, सामान बरामद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 मार्च। वेटिंग रूम में विश्राम करने वाली महिलाओं का टैबलेट और मोबाइल पार करने वाले आरोपी को आरपीएफ की टीम ने पकडक़र कार्रवाई की। आरोपी के पास से टैबलेट और मोबाइल बरामद कर प्रार्थियों को लौटाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार 15 मार्च को मंडल सुरक्षा आयुक्त नागपुर दीपचंद आर्य के निर्देशन में रेल्वे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट राजनांदगांव की पोस्ट प्रभारी निरीक्षक तरुणा साहू द्वारा स्टाफ सउनि डीएल दावना एवं आरक्षक संजय चौहान के साथ स्टेशन परिसर में गश्त के दौरान चार महिला यात्रियों द्वारा सूचना दी गई कि रात्रि लगभग 12.30 बजे वे सभी प्लेटफार्म नंबर 01 स्थित नए वेटिंग रूम में विश्राम कर रही थी। उनके द्वारा अपने दो टैबलेट तथा एक मोबाइल को चार्जिंग में लगाया गया था तथा एक लाइट पिंक रंग का हैंड बैग पास में रखकर सो गई थी।
सुबह लगभग 6 बजे नींद खुलने पर देखा कि उनका एक मोबाइल, दो टैबलेट एवं पिंक रंग का हैंड बैग वहां से गायब है। सूचना मिलने पर आरपीएफ द्वारा तत्काल सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। जिसमें समय 4.21 बजे एक व्यक्ति वेटिंग हॉल के आसपास संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। खोजबीन के दौरान उक्त संदिग्ध व्यक्ति को प्लेटफार्म नंबर 02 की सीढिय़ों के नीचे पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम आकाश विजयकर 26 वर्ष निवासी वार्ड नं. 05 सोमवार बाजार बडनेरा जिला अकोला महाराष्ट्र बताया। उसके पास से एक मोबाइल बरामद हुआ।
जिसकी पहचान शिकायतकर्ता महिला सरिता नरेन्द्र डहात ने लॉक पैटर्न खोलकर अपने मोबाइल के रूप में की।
पूछताछ में आरोपी द्वारा बताया गया कि उसने दोनों टैबलेट एवं पिंक रंग का हैंड बैग प्लेटफार्म नंबर 02 की सीढिय़ों के नीचे पिलर के अंदर छुपा दिया है। बताए अनुसार मौके पर जाकर चेक करने पर दोनों टैबलेट एवं हैंड बैग सही सलामत बरामद कर लिए गए।
बरामद संपत्ति को पोस्ट लाकर शिकायतकर्ता महिलाओं से पहचान कराने पर उन्होंने उसे अपना होना बताया।
उक्त संदिग्ध व्यक्ति एवं बरामद संपत्ति को अग्रिम कार्रवाई के लिए जीआरपी राजनांदगांव के सुपुर्द किया गया, जहां अपराध क्रमांक 05/26, धारा 305(ब)बीएनएस 15 मार्च के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई से यात्रियों की खोई हुई संपत्ति सुरक्षित बरामद कर उन्हें राहत मिली।