राजनांदगांव

बोरतलाव के ताईक्वांडो खिलाडिय़ों ने महापौर से की मुलाकात
16-Mar-2026 3:28 PM
बोरतलाव के ताईक्वांडो खिलाडिय़ों ने महापौर से की मुलाकात

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 16 मार्च। डोंगरगढ़ क्षेत्र के बोरतलाव के प्रतिभावान ताईक्वांडो खिलाडिय़ों ने हाल ही में महापौर मधुसूदन यादव से सौजन्य मुलाकात की।  इस दौरान खिलाडिय़ों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी उपलब्धियों की जानकारी देते उनसे मार्गदर्शन प्राप्त किया।

मुलाकात के दौरान जिला खेल संघ अध्यक्ष एवं भाजपा नेता विवेक मोनू भंडारी ने सभी खिलाडिय़ों का परिचय कराते बताया कि ग्रामीण अंचल के युवाओं में खेल के प्रति लगातार उत्साह बढ़ रहा है। सीमित संसाधनों के बावजूद ये खिलाड़ी कड़ी मेहनत कर राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि इन खिलाडिय़ों को उचित सुविधाएं और मार्गदर्शन मिलता रहा तो आने वाले समय में ये खिलाड़ी जिले के साथ-साथ प्रदेश और देश का नाम भी रौशन कर सकते हैं।

महापौर मधुसूदन यादव ने खिलाडिय़ों से चर्चा करते उनके प्रशिक्षण, अभ्यास और प्रतियोगिताओं में भागीदारी के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं में खेल के प्रति बढ़ती रूचि की सराहना करते कहा कि खेल और शिक्षा ही ऐसे माध्यम हैं, जो युवाओं को नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रखकर उनके उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करते हैं। उन्होंने खिलाडिय़ों को निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढऩे की प्रेरणा दी।

कोच गौतम ने बताया कि अभ्यास के लिए पर्याप्त मैट और किट की कमी के कारण कई बार खिलाडिय़ों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है तथा चोट लगने का खतरा भी बना रहता है। महापौर श्री यादव ने त्वरित रूप से खिलाडिय़ों के लिए आवश्यक किट उपलब्ध कराने तथा जल्द ही अभ्यास के लिए मैट की व्यवस्था कराने की घोषणा की।

बोरतलाव के खिलाडिय़ों ने हाल ही में आयोजित विभिन्न राज्य स्तरीय ताईक्वांडो प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया है। इनमें स्कूल गेम्स राज्य स्तरीय ताईक्वांडो प्रतियोगिता तथा राज्य स्तरीय ओपन ताईक्वांडो चैंपियनशिप में खिलाडिय़ों ने  कई पदक जीतकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। इन प्रतियोगिताओं में भविष्य मांडवी, राजेंद्र कवर, डी. हिमेश राव और रागिनी कवर ने गोल्ड मेडल प्राप्त किया। वहीं अलोक कवर, धर्मा कवर, कुशल यादव, राधिका यादव और वेदिका तोमर ने सिल्वर मेडल हासिल किया। इसके अलावा भानुप्रताप मांडवी, दूज उइके, आदित्य कुमार, संदीप यादव, खुशबू सोरी, दुर्गेश्वरी वर्मा, हिना उज्वाने और देव यादव ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया।


अन्य पोस्ट