राजनांदगांव

संघर्ष से सफ लता तक का सफर पांचो बनी सफल महिला उद्यमी
15-Mar-2026 4:41 PM
संघर्ष से सफ लता तक का सफर  पांचो बनी सफल महिला उद्यमी

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 15 मार्च। आज ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुडक़र न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत बना रही है, बल्कि समाज में अपनी अलग पहचान भी बना रही हैं। ऐसी ही  कहानी है  पांचो जयते की, जिन्होंने संघर्ष भरे जीवन से आगे बढ़ते मेहनत, साहस और बिहान मिशन के सहयोग से अपने परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार किया और आज गांव में एक सफल महिला उद्यमी के रूप में पहचानी जाती है।

पांचो जयते, पूजा ग्राम संगठन के अंतर्गत गायत्री स्वयं सहायता समूह की सक्रिय सदस्य हैं। उन्होंने 15 अगस्त 2015 को स्वयं सहायता समूह से जुडक़र अपने जीवन में बदलाव की शुरुआत की। समूह से जुडऩे से पहले उनके परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत कमजोर थी। परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने वे और उनके पति गांव में दूसरों के यहां मजदूरी करते थे, लेकिन मजदूरी से होने वाली आय से घर की जरूरतें पूरी करना भी कठिन हो जाता था। बच्चों की पढ़ाई और परिवार के बेहतर भविष्य की चिंता उन्हें हमेशा बनी रहती थी। समूह से जुडऩे के बाद उन्हें बिहान मिशन के माध्यम से आर्थिक गतिविधियां शुरू करने की प्रेरणा मिली। उनके पति को होटल व्यवसाय के बारे में जानकारी थी, इसलिए उन्होंने परिवार की आय बढ़ाने के लिए होटल व्यवसाय शुरू करने का निर्णय लिया। इसके लिए संकुल और ग्राम संगठन के माध्यम से उन्हें 1 लाख 76 हजार रुपए का ऋण प्राप्त हुआ।

इस ऋण राशि से उन्होंने होटल के लिए आवश्यक सामग्री खरीदी और वर्ष 2018 में होटल आजीविका गतिविधि की शुरुआत की। शुरुआत में वे गांव और आसपास के बाजारों में जाकर होटल की दुकान लगाने लगे। धीरे-धीरे लोगों को उनके बनाए भोजन की गुणवत्ता और स्वाद पसंद आने लगा और बाजार में उनकी दुकान की पहचान बनने लगी। ग्राहकों की बढ़ती मांग को देखते उन्होंने अपने व्यवसाय को और आगे बढ़ाने का निर्णय लिया। अब वे सप्ताह में चार अलग-अलग बाजारों में अपनी होटल की दुकान लगाते हैं। ग्राहकों की जरूरत के अनुसार उन्होंने अपने भोजन की गुणवत्ता और मात्रा में भी सुधार किया। जिससे उनकी आय में लगातार वृद्धि होने लगी। इस आय से अब वे अपने परिवार की जरूरतों को अच्छे से पूरा कर पा रहे हैं और बच्चों की पढ़ाई में भी सहायता मिल रही है। इससे उनके आत्मविश्वास में भी काफी बढ़ोतरी हुई है।

होटल व्यवसाय के साथ-साथ उन्होंने आय के एक और स्रोत के रूप में मुर्गी पालन शुरू किया।    वर्तमान में श्रीमती पांचो जयते के परिवार की आय के प्रमुख स्रोत होटल व्यवसाय, मुर्गी पालन, ईंट निर्माण कार्य और आरबीके के रूप में मिलने वाला मानदेय हैं। इन सभी गतिविधियों से उनके परिवार की कुल वार्षिक आय लगभग 1 लाख 75 हजार रुपए तक पहुंच चुकी है। आज वे अपने परिवार के साथ सम्मानजनक जीवन जी रही हैं ।

और गाँव तथा समाज में एक आत्मनिर्भर और प्रेरणादायक महिला के रूप में अपनी पहचान बना चुकी है।


अन्य पोस्ट