राजनांदगांव
वर्चुअली 226 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 15 मार्च। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वर्चुअली राजनांदगांव शहर विकास के लिए करोड़ों रुपए की लागत से होने वाले विकास कार्यों का भूमिपूजन करते कहा कि राजनांदगांव आने वाले दिनों में मॉडल सिटी के रूप में अपनी पहचान से जाना जाएगा।
मुख्यमंत्री ने करीब 226 करोड़ 68 लाख रुपए से अधिक की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह जहां वर्चुअल कार्यक्रम में शामिल हुए। वहीं जिले के प्रभारी गजेन्द्र यादव, सांसद संतोष पांडेय, महापौर मधुसूदन यादव एवं अन्य जनप्रतिनिधि पुष्पवाटिका योगा हॉल राजनांदगांव में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए।
श्री साय ने कहा कि यह भूमिपूजन केवल विकास कार्यों की शुरूआत नहीं, बल्कि शहर के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूलमंत्र के साथ प्रदेश के संतुलित और समावेशी विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाते विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में राजनांदगांव की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के मार्गदर्शन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से राजनांदगांव तेजी से आगे बढ़ रहा है। उनके विजन और जनसहभागिता से शहर को छत्तीसगढ़ की एक मॉडल सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने जिले के विकास से संबंधित लंबित अधोसंरचना प्रस्तावों को भी शीघ्र स्वीकृत करने का आश्वासन दिया।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राजनांदगांव उनके दिल के बेहद करीब है और आज का दिन शहर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते बताया कि संकल्प बजट 2026-27 में राजनांदगांव जिले के समग्र विकास के लिए 1000 करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है। डॉ. सिंह ने बताया कि शिवनाथ नदी के संरक्षण, संवद्र्धन और विकास के लिए 250 करोड़ रूपए की योजनाएं स्वीकृत की गई हैं।
जिले के प्रभारी मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि नगर पालिका निगम के लिए 226 करोड़ 68 लाख रुपए की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन कार्यक्रम को शहर के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से शहर में सडक़, नाली, पेयजल तथा अन्य मूलभूत अधोसंरचना के विकास को नई गति मिलेगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। सांसद संतोष पांडे ने नगर पालिक निगम राजनांदगांव क्षेत्र अंतर्गत 226 करोड़ 68 लाख रूपए की लागत से विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन के लिए सभी नगरवासियों को बधाई दी।
कार्यक्रम में अध्यक्ष जिला पंचायत किरण वैष्णव, अध्यक्ष जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित सचिन बघेल, नगर निगम अध्यक्ष पारस वर्मा, रामजी भारती, खूबचंद पारख, संतोष अग्रवाल, कोमल सिंह राजपूत, रमेश पटेल, कलेक्टर जितेन्द्र यादव, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा सहित अन्य पार्षद, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित थे।