राजनांदगांव
राजनांदगांव, 13 मार्च। मोटर साइकिल चोरी के मामले में लालबाग पुलिस ने आदतन आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने चोरी की मोटर साइकिल को बरामद कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी प्रीतदास साहू 52 वर्ष निवासी ग्राम चमाररायटोला द्वारा थाना लालबाग में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि 9 मार्च को रात्रि लगभग 10.30 बजे वह ग्राम रामपुर में अपनी बहन की शादी चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने गया था तथा अपनी मोटर साइकिल को अश्वनी साहू के घर के सामने खड़ी कर कार्यक्रम में चला गया था। रात्रि लगभग 11 बजे वापस आने पर देखा कि उसकी मोटर साइकिल वहां पर नहीं थी, जिसे कोई अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया था। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना लालबाग में धारा 303 बीएनएस कायम कर विवेचना में लिया गया। मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा फरहद क्षेत्र में घेराबंदी कर संदेही व्यक्ति को मोटर साइकिल के साथ पकड़ा गया। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम देवेन्द्र छेदैया 24 वर्ष निवासी ग्राम मोखली थाना लालबाग जिला राजनांदगांव बताया। उक्त व्यक्ति से वाहन के वैध दस्तावेज की मांग करने पर वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका तथा लिखित में उक्त मोटर साइकिल को चोरी का होना स्वीकार किया। पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटर साइकिल को विधिवत जब्त कर आरोपी को 12 मार्च को 11.50 बजे गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राजनांदगांव के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी धारा 305(ए), 331(4), 3(5) बीएनएस तथा अपराध क्रमांक 01/2019 धारा 41(1+4) सीआरपीसीए 379, 201 आईपीसी के तहत अपराध पंजीबद्ध है। उक्त कार्रवाई में थाना लालबाग के प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुमन जायसवाल, सहायक उपनिरीक्षक अश्विनी यदु, आरक्षक कमल किशोर यादव, रोशन सिन्हा का महत्वपूर्ण योगदान रहा ।