राजनांदगांव

महिला थाना प्रभारी व एक आरक्षक निलंबित
13-Mar-2026 4:31 PM
महिला थाना प्रभारी व एक आरक्षक निलंबित

 लापरवाही बरतने पर एसपी ने की कार्रवाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 13 मार्च। महिला थाना की प्रभारी और कोतवाली थाना के एक आरक्षक को राजनांदगांव एसपी ने अपने कर्तव्यों के प्रति गंभीर लापरवाही और उदासीनता बरतने के मामले में निलंबित कर दिया है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 12 मार्च को दो आवेदक द्वारा एक-डेढ़ साल की अज्ञात बच्ची को  जिसके माता-पिता के संबंध में कोई जानकारी नहीं होने से सडक़ में लावारिस अवस्था में मिलने पर महिला थाना लेकर सूचना देने आने पर महिला थाना प्रभारी द्वारा तत्काल विधिसम्मत कार्रवाई नहीं करते कंट्रोल रूम तथा अपने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित नहीं किया गया। साथ ही आवेदकों को बच्ची के संबंध में डायल-112, चाईल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 में कॉल कर सूचना देने कहते अपनी पदीय कर्तव्यों के प्रति गंभीर लापरवाही एवं उदासीनता बरतने के फलस्वरूप महिला थाना प्रभारी गीताजंलि सिन्हा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र राजनांदगांव में संबंद्ध किया गया। निलंबन अवधि में उप निरीक्षक को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी।

इधर 12 मार्च को ही थाना कोतवाली में एक नाबालिक बच्चे के बालगृह में रखे जाने की सूचना मिलने पर उक्त सूचना को थाना प्रभारी सहित अन्य किसी भी स्टॉफ को जानकारी नहीं देकर अपने कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही एवं उदासीनता बरतने के फलस्वरूप प्रधान आरक्षक चंद्रेश सिन्हा थाना कोतवाली को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र राजनांदगांव में संबद्ध किया गया। निलंबन अवधि में प्रधान आरक्षक को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी।

 

 मिलन सम्हालेंगे कोतवाली का प्रभार

राजनांदगांव एसपी अंकिता शर्मा ने इकाई में पदस्थ दो निरीक्षकों को प्रशासनिक दृष्टिकोण से आगामी आदेश पर्यन्त अस्थाई तौर पर वर्तमान पदस्थापना से नवीन पदस्थापना में पदस्थ किया गया है। इस फेरबदल में एसपी ने कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम को बागनदी का थाना प्रभारी और बागनदी थाना प्रभारी निरीक्षक मिलन सिंह को कोतवाली थाना का प्रभार सौंपा गया है।


अन्य पोस्ट