राजनांदगांव

अफीम की खेती के खिलाफ भाजपा कार्यालय घेरने निकले कांग्रेसियों की पुलिस से झूमाझटकी
12-Mar-2026 4:46 PM
अफीम की खेती के खिलाफ भाजपा कार्यालय  घेरने निकले कांग्रेसियों की पुलिस से झूमाझटकी

दुर्ग और बलरामपुर में अफीम की खेती पर कांग्रेसियों ने साय सरकार से मांगा इस्तीफा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 12 मार्च। प्रदेश में अफीम की खेती का सामने आने पर कांग्रेस ने भाजपा और प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पर आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते गुरुवार को स्थानीय भाजपा कार्यालय घेरने के साथ बड़ा प्रदर्शन किया। स्थानीय कांग्रेसी नेताओं का भाजपा कार्यालय का घेराव करने की कोशिश के बीच पुलिस से झूमाझटकी हुई। प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर जिला मुख्यालय में कांग्रेसियों ने जमकर नारेबाजी की। कांग्रेसियों का आरोप है कि अफीम की खेती के चलते छत्तीसगढ़ की छवि को धक्का लगा है। धान का कटोरा कहलाने वाला यह राज्य अफीम का कटोरा के रूप में कुख्यात हो गया है।

शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आज अफीम की खेती को लेकर पूरे प्रदेश में धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। भाजपा कार्यालय का घेराव है।  एक तरफ छत्तीसगढ़ की पहचान पहले धान के कटोरा के रूप में हुआ करती थी, पर अब दिन-प्रतिदिन दुर्ग के बाद बलरामपुर और किन-किन जिलों में अफीम की खेती सामने आई है। साय सरकार ने अपने कार्यकर्ताओं को अफीम की खेती की छूट दे रखी है और नशे के कारोबार को बढ़ाने के लिए यह लोग संकल्प बद्ध हैं।  इसी तरह से फर्जी बीयर, फर्जी शराब और अफीम की खेती, गांजा तस्करी यह मामलों में लगातार बढ़ोत्तरी सरकार में हो रही है। हम मांग करते हैं कि नशे के खिलाफ सरकार या तो कार्रवाई करें अन्यथा इस्तीफा दे दे।

पूर्व जिला पंचायत सदस्य कांति बंजारे ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अफीम की खेती जोरों पर चल रही है और कहीं न कहीं भाजपा अपने संरक्षण में खेती करवा रही है। अपने लोगों को यह खेती करवा रही है।  आज राजधानी रायपुर के नजदीक अगर हकीम की खेती का उजागर हुआ है तो निश्चित रूप से भारतीय जनता पार्टी अपने लोगों को फैलाने के लिए फूलाने  के लिए अपने संरक्षण में यह कर रही है और अभी तो एक-दो जगह नहीं पूरे तीन जगह ऐसा उजागर हो गया है। आगे-आगे देखना बाकी है और नैतिकता के आधार पर इतना सब चीज होने के बाद विष्णुदेव साय सरकार  को तो इस्तीफा दे देनी चाहिए।इस दौरान जितेन्द्र मुदलियार, विपिन यादव, मेहुल मारू, सूर्यकांत जैन, प्रवीण मेश्राम, रूपेश दुबे, आफताब आलम, महेन्द्र यादव, शाहिद भाई, श्रीकिशन खंडेलवाल, धनेश पाटिला, अशोक फडऩवीस, अमित चंद्रवंशी, चेतन भानुशाली, संतोष पिल्ले, विनय झा, गणेश पवार समेत अन्य कांग्रेसी शामिल थे।


अन्य पोस्ट