राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 मार्च। नवरात्रि पर्व पर डोंगरगढ़ में पदयात्रियों की सुरक्षा के लिए राजनांदगांव पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार आगामी नवरात्र पर्व के अवसर पर मां बम्लेश्री मंदिर डोंगरगढ़ में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु विभिन्न जिलों से पदयात्रा करते पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था तथा सुचारू आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा द्वारा मंगलवार को अधिकारियों के साथ संपूर्ण मार्ग का विस्तृत निरीक्षण किया गया।
इस दौरान एएसपी कीर्तन राठौर, डीएसपी अलेक्जेंडर किरो तथा यातायात प्रभारी नवरतन कश्यप भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान अंजोरा से डोंगरगढ़ तक लगभग 61.8 किलोमीटर लंबे मार्ग का विस्तृत भ्रमण किया गया तथा मार्ग में पडऩे वाले प्रमुख चौक-चौराहों, पड़ाव स्थलों एवं संभावित भीड़ वाले स्थानों का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान पदयात्रियों एवं वाहन चालकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते स्टॉपर्स, बैरिकेडिंग, ट्रैफिक डायवर्जन, प्रकाश व्यवस्था तथा रूट प्रबंधन से संबंधित तैयारियों का विस्तृत परीक्षण किया गया और आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही तुमड़ीबोड़ मार्ग से आने वाले पदयात्रियों के आवागमन को ध्यान में रखते उस मार्ग का भी अवलोकन कर यातायात व्यवस्था की योजना तैयार की गई।
वन-वे किया जाएगा मार्ग
पदयात्रियों की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से इस वर्ष राजनांदगांव पुलिस द्वारा पदयात्रियों को रेडियम बेल्ट तथा बैग/शर्ट पर लगाने हेतु रिफ्लेक्टर स्टिकर वितरित किए जाएंगे, ताकि रात्रि के समय भी दूर से ही पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं को वाहन चालक स्पष्ट रूप से देख सकें और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने इस वर्ष अंजोरा ग्राम से आगे मार्ग को वन-वे किया जाएगा। साथ ही मार्ग के एक हिस्से को विशेष रूप से पदयात्रियों के लिए सुरक्षित एवं आरक्षित किया जाएगा। जिससे पैदल श्रद्धालुओं को सुरक्षित मार्ग उपलब्ध हो सके।
16 को होगा पूर्वाभ्यास
इसके अतिरिक्त समन्वित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने पड़ोसी जिलों दुर्ग एवं महाराष्ट्र के गोंदिया जिले की पुलिस से भी समन्वय स्थापित किया गया है, ताकि अंतर जिला मार्गों पर भी यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने 16 मार्च को राजनांदगांव पुलिस द्वारा संपूर्ण पुलिस बल एवं स्टॉपर्स के साथ रियल.टाइम रिहर्सल (पूर्वाभ्यास) किया जाएगा। जिससे ड्यूटी पर तैनात होने वाले प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को अपने दायित्वों की स्पष्ट जानकारी हो सके तथा यदि किसी प्रकार की कमी सामने आती है तो उसे नवरात्रि प्रारंभ होने से पूर्व ही दूर किया जा सके। राजनांदगांव पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि पदयात्रा के दौरान यातायात नियमों का पालन करें, सडक़ के निर्धारित हिस्से पर ही चलें तथा सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करते प्रशासन का सहयोग करें, ताकि सभी श्रद्धालु सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से माँ बम्लेश्वरी के दर्शन कर सकें।