राजनांदगांव

वृहद महतारी सम्मेलन व महिला क्रीड़ा प्रतियोगिता 8 को
07-Mar-2026 5:00 PM
वृहद महतारी सम्मेलन व महिला क्रीड़ा प्रतियोगिता 8 को

राजनांदगांव, 7 मार्च। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस  पर मोहला-मानपुर-अं. चौकी कलेक्टर तुलिका प्रजापति के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिले के सभी विकासखंडों में वृहद महतारी सम्मेलन एवं महिला क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।

जिला स्तरीय कार्यक्रम 08 मार्च को सुबह 10 बजे से मिनी स्टेडियम मोहला में आयोजित होगा। कार्यक्रम स्थानीय जनप्रतिनिधियों के आतिथ्य में आयोजित होगा। जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं एवं किशोरी बालिकाओं की सहभागिता होगी। कार्यक्रम के दौरान महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं एवं किशोरी बालिकाओं का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जाएगा। इसमें एनीमिया जांच, वजन एवं ऊंचाई मापन तथा बीएमआई की जांच शामिल है, ताकि महिलाओं और बालिकाओं के स्वास्थ्य की स्थिति का आंकलन किया जा सके।

रंगोली प्रतियोगिता तथा विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से महिलाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा शासकीय योजनाओं की जानकारी देने स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके साथ ही पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजनों की प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। जिससे स्थानीय संस्कृति और खानपान को बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर बाल विवाह मुक्त घोषित ग्राम पंचायतों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही शिक्षा, सामाजिक कार्यए स्व-सहायता समूह तथा अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को भी सम्मान प्रदान किया जाएगा।


अन्य पोस्ट