राजनांदगांव

भुगतान प्रक्रिया में पेंशन राशि अंतरण से राहत
06-Mar-2026 10:01 PM
भुगतान प्रक्रिया में पेंशन राशि अंतरण से राहत

राजनांदगांव, 6 मार्च। समाज कल्याण विभाग द्वारा सामाजिक सहायता कार्यक्रम अंतर्गत संचालित पेंशन योजनाओं के पेंशन राशि का भुगतान राज्य स्तरीय नोडल खाते के माध्यम से किया जाता रहा है।

वर्तमान में राज्य योजनाओं में माह जनवरी तक की पेंशन राशि का भुगतान किया जा चुका है। माह फरवरी की पेंशन राशि जारी किया जाना प्रक्रियाधीन है। केंद्रीय पेंशन योजनाओं में भारत सरकार द्वारा पेंशन राशि के भुगतान को अधिक पारदर्शी, सरल एवं त्वरित भुगतान सुनिश्चित करने हेतु सीधे आरबीआई से हितग्राहियों के खाते में भुगतान करने की नवीन प्रक्रिया एसएन, स्पर्श प्रारंभ किया गया है। केंद्र सरकार द्वारा आरबीआई के केंद्रीय पेमेंट पोर्टल पर भुगतान प्रणाली स्थानांतरित किए जाने के दौरान तकनीकी प्रक्रिया की वजह से कुछ समय के लिए केन्द्रीय पेंशन योजनाओं में भुगतान प्रक्रिया प्रभावित हुई थी। समाज कल्याण विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार नई प्रणाली में डेटा माइग्रेशन की प्रक्रिया के दौरान अस्थायी तकनीकी बाधा उत्पन्न हुई थी, जिसे अब पूरी तरह दूर कर लिया गया है।

वर्तमान में भुगतान प्रक्रिया पुन: सुचारू रूप से प्रारंभ हो चुकी है। केन्द्रीय पेंशन योजनाओं में माह जनवरी तक की केन्द्रांश की राशि का भुगतान किया जा चुका है। राज्यांश की राशि के लिए पोर्टल में व्यवस्था की जा रही है। शीघ्र भुगतान कर दिया जाएगा। सभी योजनाओं की पेंशन राशि का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।

वर्तमान में सामाजिक सहायता कार्यक्रम अंतर्गत संचालित पेंशन योजनाओं में राज्य की योजना से 13 लाख 79 हजार 098 तथा केन्द्रीय पेंशन योजनाओं से 7 लाख 96 हजार 463 कुल 21 लाख 75 हजार 561 हितग्राही लाभान्वित हो रहे हैं। इसी प्रकार जिला राजनांदगांव में राज्य योजना से 35 हजार 013 तथा केंद्रीय योजना से 22 हजार 699 कुल 57 हजार 712 हितग्राही लाभान्वित हो रहे हैं। आरबीआई के केंद्रीय पोर्टल से जुडऩे के बाद भुगतान प्रणाली अधिक पारदर्शी, सुरक्षित एवं समयबद्ध होगी। इससे भविष्य में पेंशन सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में निर्बाध रूप से पहुंच सकेगी। नई व्यवस्था से पेंशन वितरण प्रणाली अधिक सुदृढ़ एवं तकनीकी रूप से सक्षम है। जिससे राज्य के वरिष्ठ नागरिकों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को समय पर सहायता मिलती रहेगी।


अन्य पोस्ट