राजनांदगांव

छुरिया में कृषि प्रशिक्षण
06-Mar-2026 8:29 PM
छुरिया में कृषि प्रशिक्षण

राजनांदगांव, 6 मार्च। कृषि विभाग द्वारा आत्मा योजना के अंतर्गत विकासखंड मुख्यालय छुरिया में कृषि प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में दलहन एवं तिलहन फसलों की खरीदी हेतु किसानों के पंजीयन की प्रक्रिया, आगामी खरीफ फसल की अग्रिम प्लानिंग, तिलहन फसलों की कार्ययोजना, खाद संकट के विकल्प तथा अग्रिम खाद उठाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में लगभग 90 किसान संगवारी एवं अन्य किसानों ने भाग लेकर प्रशिक्षण का लाभ उठाया। विशेषज्ञों द्वारा किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, संतुलित उर्वरक उपयोग, फसल विविधीकरण तथा बाजार व्यवस्था से जुड़ी आवश्यक जानकारियां प्रदान की गई। किसानों को शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा समय पर पंजीयन एवं उर्वरक उठाव सुनिश्चित करने की सलाह दी गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रगतिशील किसान संगवारी ग्राम गहिराभेड़ी के किसान अंजू साहू, ग्राम गर्रापार के किसान रामसजीवन, हुमन लाल साहू, ग्राम ललमेटा के किसान सुनील साहू, ग्राम पैरीटोला के किसान  भारत लाल, चिंताराम यादव सहित अन्य किसानों को उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कृषि स्थायी समिति सभापति छुरिया  उतरा निषाद, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी जीपी सहाड़े, डॉ. विकास सिंह, सहायक ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी सुदेश पटेल, पैथोलॉजी एक्सपर्ट संतोष साहू, आरएईओ, रामेश्वर सिंहा एवं हितेश गुप्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट