राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 1 मार्च। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड से कृषक उन्नति योजना अंतर्गत आदान सहायता राशि वितरण एवं वृहद किसान सम्मेलन कार्यक्रम में शामिल हुए और कृषक उन्नति योजना अंतर्गत प्रदेश के 25 लाख 28 हजार से अधिक पंजीकृत धान एवं धान बीज उत्पादक किसानों को 10.324 करोड़ रुपए की राशि उनके खाते में अंतरित की।
इस दौरान मुख्य अतिथि जिले के प्रभारी मंत्री गजेन्द्र यादव शनिवार को गांधी सभागार म्युनिसिपल स्कूल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय कृषक उन्नति योजना अंतर्गत आदान सहायता राशि वितरण एवं वृहद किसान सम्मेलन में शामिल हुए। जिले के 124101 किसानों को 454 करोड़ 12 लाख रुपए से अधिक की राशि का भुगतान किया गया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण वेब कॉस्ट के माध्यम से जिला एवं विकासखंड स्तर में आयोजित समारोह में किया गया। जिससे बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं किसान जुड़े रहे।
जिले के प्रभारी मंत्री एवं स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि राज्य शासन द्वारा होली त्योहार के अवसर पर कृषक उन्नति योजना के तहत प्रदेश के 25 लाख 28 हजार से अधिक किसानों को 10.324 करोड़ रुपए की राशि उनके खाते में अंतरित की जा रही है। जिसमें राजनांदगांव जिले के 124101 किसानों को 454 करोड़ 12 लाख रुपए से अधिक की राशि का भुगतान किया जा रहा है। उन्होंने होली के पर्व पर सभी किसानों को राशि प्राप्त होने पर शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार बनते ही पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिवस को सुशासन दिवस के रूप में मनाया गया और कृषकों के हित में निर्णय लेते किसानों को दो साल के बकाया बोनस लगभग 14 हजार करोड़ रुपए का भुगतान किया गया। शासन द्वारा समर्थन मूल्य एवं कृषक उन्नति योजना अंतर्गत प्रति क्ंिवटल 3100 रुपए की दर से प्रति एकड़ 21 क्ंिवटल धान खरीदी की गई। इस तरह चार माह के भीतर 20 हजार करोड़ रुपए की राशि से किसानों को लाभान्वित किया गया। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 की धान खरीदी समाप्त होने के एक माह के भीतर कृषक उन्नति योजना के तहत प्रदेश के 25 लाख से अधिक किसानों को धान विक्रय की राशि का भुगतान कर दिया गया है, जो इस बात का प्रमाण है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार सुशासन की सरकार है।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष प्रतिमा चंद्राकर, जिला पंचायत सदस्य देवकुमारी साहू, पूर्व सांसद प्रदीप गांधी, कोमल सिंह राजपूत, खूबचंद पारख, कलेक्टर जितेन्द्र यादव, वनमंडलाधिकारी आयुष जैन, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर प्रेमप्रकाश शर्मा, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम राजनांदगांव गौतम पाटिल, उप संचालक कृषि टीकम सिंह ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।