राजनांदगांव

अवैध गतिविधियों पर होटल, ढाबा व लॉज संचालकों को सख्त हिदायत
01-Mar-2026 7:10 PM
अवैध गतिविधियों पर होटल, ढाबा व लॉज संचालकों को सख्त हिदायत

पुलिस ने बैठक लेकर दिए आवश्यक निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 1 मार्च। होली पर्व के मद्देनजर पुलिस ने लालबाग थाना और तुमड़ीबोड़ व सुकुलदैहान पुलिस चौकी क्षेत्र के होटल, ढाबा व लॉज संचालकों की बैठक लेकर आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही होली पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, जुआ-सट्टा, अवैध शराब विक्रय एवं नशे का सेवन व विक्रय पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। होटल व ढाबा संचालकों को अनजान व्यक्तियों को बिना वैध पहचान पत्र के कमरा उपलब्ध नहीं कराने तथा आगंतुकों का पूर्ण विवरण रजिस्टर में दर्ज करने निर्देशित किया गया।

मिली जानकारी के अनुसार 28 फरवरी को आगामी होली पर्व के मद्देनजर एसपी अंकिता शर्मा के आदेशानुसार एएसपी कीर्तन राठौर के निर्देशन में लालबाग थाना परिसर में नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन, प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुमन जायसवाल, थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल एवं चौकी प्रभारी निरीक्षक दिलीप पटेल की उपस्थिति में बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना लालबाग, चौकी तुमड़ीबोड़ एवं चौकी सुकुलदैहान क्षेत्र अंतर्गत संचालित होटल, ढाबा एवं लॉज संचालक करीब 30-35 की संख्या में उपस्थित रहे।

बैठक में होटल व ढाबा संचालकों को आवश्यक निर्देश व हिदायत देते कहा गया कि होली पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, जुआ-सट्टा, अवैध शराब विक्रय एवं नशे का सेवन/विक्रय पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। होटल एवं ढाबों में अनजान व्यक्तियों को बिना वैध पहचान पत्र के कमरा उपलब्ध न कराया जाए तथा आगंतुकों का पूर्ण विवरण रजिस्टर में दर्ज किया जाए। रात्रि में निर्धारित समय के पश्चात अनावश्यक भीड़ एकत्रित न होने दें तथा डीजे/लाउडस्पीकर का उपयोग शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप ही करें। होटल और ढाबों की पार्किंग में समुचित व्यवस्था बनाए रखें। होटल और ढाबों में शराब प्रतिबंधित का बोर्ड तथा पुलिस कंट्रोल और थाना का नंबर चस्पा करने  का निर्देश दिया गया। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल थाना लालबाग अथवा संबंधित चौकी को दें।


अन्य पोस्ट