राजनांदगांव

शराब सेवन कर वाहन चलाने वालों के विरूद्ध पुलिस सख्त
26-Feb-2026 5:21 PM
शराब सेवन कर वाहन चलाने वालों के विरूद्ध पुलिस सख्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 26 फरवरी।
होली पर्व के मद्देनजर शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले चालकों पर यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई की।
मिली जानकारी के अनुसार एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन में एएसपी कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं यातायात प्रभारी नवरत्न कश्यप के नेतृत्व में होली पर्व के मद्देनजर शहर में सडक़ सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार सघन कार्रवाई की जा रही है।

बताया गया कि यातायात पुलिस द्वारा शहर के प्रमुख चौराहों एवं आउटर क्षेत्रों में चेकिंग प्वाइंट स्थापित कर ब्रेथ एनालाइजऱ मशीन के माध्यम से वाहन चालकों की जांच की जा रही है। निर्धारित सीमा से अधिक अल्कोहल पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। शराब सेवन कर वाहन चलाते पाए जाने वाले चालकों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाता है, जहां यायालय द्वारा न्यूनतम 10 हजार या उससे अधिक जुर्माने से दंडित किया जा रहा है।

वर्ष 2026 में अब तक शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले 46 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी है। सभी वाहन चालकों से अपील है कि घर से निकलते समय अपने परिवार के बारे में विचार करें तथा शराब सेवन कर वाहन न चलाएं और सुरक्षित वापस घर जाए।

पुलिस का कहना है कि त्यौहार के अवसर पर उल्लास एवं उत्साह के बीच किसी भी प्रकार की दुर्घटना को रोकना पुलिस की प्राथमिकता है। शराब का सेवन कर वाहन चलाने से चालक की निर्णय क्षमता एवं प्रतिक्रिया समय प्रभावित होता है। जिससे गंभीर सडक़ दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। यह लापरवाही न केवल चालक, बल्कि अन्य राहगीरों एवं वाहन चालकों के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करती है। समस्त नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की जाती है कि होली पर्व के दौरान एवं अन्य समय में भी शराब का सेवन कर वाहन न चलाएं। सुरक्षित परिवहन के विकल्प अपनाएं तथा यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। यातायात पुलिस नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करती है, ताकि होली का पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं आनंदमय वातावरण में संपन्न हो सके।


अन्य पोस्ट